
देहरादून, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तराखंड राज्य की अधीनस्थ चयन सेवा आयोग की परीक्षा में पेपरलीक के मामले को लेकर आज कांग्रेस का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच नोकझोंक हुई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष समेत वरिष्ठ नेताओं को गिरफ्तार किया।
कांग्रे्स ने २१ सितंबर की यूके ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक मामले की जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से कराने, परीक्षा को रद्द कर नई परीक्षा तिथि घोषित करने और यूके ट्रिपल एससी के अध्यक्ष गणेश सिंह मर्तोलिया को बर्खास्त करने की मांग को लेकर अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री आवास घेरने का प्रयास किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एकत्रित हुए और प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरिश रावत, एआईसीसी सचिव काज़ी निजामुद्दीन व अनेक विधायकों पूर्व मंत्री व पूर्व विधायकों के नेतृत्व में दोपहर साढ़े बारह बजे मुख्यमंत्री आवास की ओर बड़े। पार्टी कार्यकर्ता पेपर चोर गद्दी छोड़ वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाते हुए राजपुर रोड पर हाथों में सरकार विरोधी तख्तियां ले कर बहल चौक, दिलाराम बाजार होते हुए कैंट रोड से सीधे मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े।
कैंट रोड पर पुलिस चौकी के पास लगे बैरिकेडिंग के पास पहुंचते ही कार्यकर्ता जोरदार नारे लगाते हुए प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल और प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास जाने के लिए बैरिकेडिंग पर चढ़ गए, काफी धक्का मुक्की के बाद प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष धस्माना ने बैरिकेडिंग से ही जन सभा शुरू कर दी।
पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने धामी सरकार पर राज्य के नौजवानों व बेरोजगारों को धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश का नौजवान जो पिछले साढ़े आठ सालों से रोजगार की तलाश में दर दर भटक रहा है आज इस बात से निराश हताश और आक्रोशित है कि प्रदेश में एक तो सारी भर्तियां बंद हैं और जो कुछ थोड़ी बहुत भर्तियां निकलती हैं उनकी परीक्षा के पेपर खुले आम नीलाम हो जाते हैं और नीलाम करने वाले कहीं ना कहीं भाजपा से जुड़े लोग होते हैं चाहे वो हाकम सिंह हो या वो संजय धारीवाल या धर्मेंद्र सिंह चौहान हों।
सभा को संबंधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा राज में रेत बजरी पत्थर तो पहले ही चोरी हो रहा था अब पेपर चोरी का रिवाज भी खूब प्रचलित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य के बेरोजगार नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी और अब इस सरकार को उखाड़ फेंक कर ही दम लेगी।
पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था से लेकर विकास रोजगार हर मोर्चे पर भाजपा सरकार पूरी तरह से फेल हो गई है इसलिए अब इस सरकार को गद्दी से उतार कर ही राज्य के हर वर्ग का भला हो सकता है। सभा का संचालन करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने किया।
सभा के दौरान ही प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा द्वारा सीएम आवास घेराव करने की घोषणा के बाद अचानक पुलिस ने कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी शुरू कर दी और प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल, एआईसीसी सचिव व विधायक काज़ी निजामुद्दीन, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी,विधायक आदेश चौहान, विधायक लखपत बुटोला, विधायक रवि बहादुर, विधायक वीरेंद्र जाती, विधायक आदेश चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉक्टर जसविंदर सिंह गोगी अन्य को गिरफ्तार कर लिया जिनको शाम पुलिस लाइन से रिहा कर दिया गया।
(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल
