Maharashtra

ओबीसी में हिस्सेदारी नहीं, अलग कोटा मांग रहे हैं : मनोज जारांगे

फोटो: पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल

मुंबई, 30 अगस्त (Udaipur Kiran) । महाराष्ट्र में जबतक मराठों को आरक्षण नहीं मिलेगा, तबतक मनोज जारांगे पाटिल का आंदोलन जारी रहेगा। मनोज जारांगे ने स्वयं शनिवार को मुंबई के आजाद मैदान से इसकी घोषणा की है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की है।

मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जारंगे पाटिल ने कहा कि उनकी मांग अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण छीनने की नहीं, बल्कि अपना वाजिब हिस्सा सुनिश्चित करने की है। जारांगे ने कहा कि मराठा और कुनबी एक ही है, इसलिए आरक्षण मिलना ही चाहिए।

मुंबई के आजाद मैदान में मराठा आरक्षण के लिए शनिवार को दूसरे दिन भूख हड़ताल कर रहे मनोज जारांगे पाटिल ने कहा, हम ओबीसी कोटा दिए जाने की मांग नहीं कर रहे हैं। हम अपना आरक्षण मांग रहे हैं। यह मानना गलत है कि ओबीसी के 32 प्रतिशत कोटे में से 20 प्रतिशत मराठों को आवंटित किया जाना चाहिए। सच तो यह है कि मराठा स्वयं कुनबी हैं।

जारांगे पाटिल ने कहा कि जब तक राज्य सरकार मराठा आरक्षण की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा नहीं कर लेती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने अपने समर्थकों से अनुशासन बनाए रखने और आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने वाहन केवल पुलिस द्वारा निर्धारित क्षेत्रों जैसे कॉटन ग्रीन, मस्जिद बंदर और शिवरी में ही पार्क करें।

उन्होंने सुझाव दिया कि बारिश होने पर वे अपने वाहनों में आराम कर सकते हैं और कुछ ही मिनटों में विरोध स्थल तक पहुंचने के लिए लोकल ट्रेनों का उपयोग कर सकते हैं। उन्होंने आग्रह किया कि ज़रूरत पडऩे पर वाशी में भी वाहन पार्क किए जा सकते हैं। इस आंदोलन को शांतिपूर्ण और अनुशासन के साथ चलाना होगा।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top