
मंदसौर , 17 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिले की पिपलिया मंडी पुलिस ने लाल चंदन की तस्करी करने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से साढ़े 4 करोड़ रुपए की कीमत का 2 क्विंटल 26 किलो लाल चंदन जब्त किया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर मुख्य सरगना की तलाश कर रही है।
गुरूवार को प्रेस वार्ता में एसपी अभिषेक आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार-गुरुवार की रात पिपलिया मंडी थाने के एसआई नितिन कुमावत को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति ट्रैक्टर में अवैध चंदन लेकर जा रहे हैं। इसके बाद महू-नीमच हाईवे पर नाकाबंदी की गई। मुखबिर की निशानदेही पर आयशर ट्रैक्टर (एमपी 44 एबी 73710) को रोका और तलाशी ली, उसमें से आंध्रप्रदेश के जंगलों में पाया जाने वाला 2 क्विंटल 26 किलो लाल चंदन बरामद हुआ। जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 4.5 करोड़ रुपए है।
एसपी ने बताया कि यह जिले की पहली कार्रवाई है, जिसमें लाल चंदन पकड़ में आया है। यह मुख्य रूप से आंध्रप्रदेश के दक्षिणी पूर्वी घाट में पाया जाता है। यह शेषाचलम, वेलिगोडा, लंकामला और पालकोडा पर्वत श्रृंखलाओं की स्थानीय प्रजाति है। पुलिस के अनुसार यह एक विशेष प्रकार का चंदन है जो अपनी लाल रंग की लकड़ी के लिए जाना जाता है। यह पेड़ 10 से 15 मीटर तक ऊंचा हो सकता है। इसकी लकड़ी का उपयोग विभिन्न प्रकार के उत्पादों, जैसे फर्नीचर, सजावटी सामान, पारंपरिक वाद्ययंत्र, और दवाइयों में किया जाता है। यह आंध्रप्रदेश के अलावा तमिलनाडु में भी पाया जाता है।
दो आरोपी गिरफ्तार, सरगना फरार
पुलिस ने मौके से नीमच जिले के जीरन निवासी यतिंद्र राठौर (34) और अजय भील (19) को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह यह चंदन गोगरपुरा निवासी राजेंद्र पाटीदार से लाए हैं, राजेंद्र फिलहाल फरार है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 317(5) इठर, मध्य प्रदेश वन उपज अधिनियम 2000 की धारा 21, 22 और भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 26, 33, 42 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) / अशोक झलोया
