
मुरादाबाद, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बुधवार को मंडल के सभी नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा की। कमिश्नर ने समीक्षा के बाद मंडल के 40 नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को अनंतिम प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। आरोप था कि इन अधिकारियों ने समय रहते हुए विकास कार्यों पर धन खर्च नहीं किया था। इस मामले में सुधार लाने के लिए अधिशासी अधिकारियों को जुलाई तक का अल्टीमेटम दिया गया है।
कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह ने मंडल के सभी नगर पंचायतों के कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया कि जांच में आया कि मंडल के पांचों जिलों के 40 अधिशासी अधिकारियों ने समय रहते हुए धन खर्च नहीं किया। इसी कारण विकास कार्य भी अटके पड़े हैं। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर 40 ईओ को अनंतिम प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। इनमें मुरादाबाद जिले के पाकपड़ा, अगवानपुर और महमूदपुर माफी के अलावा अन्य सभी अधिशासी अधिकारी शामिल हैं। इसी प्रकार संभल के सभी अधिशासी अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। रामपुर जिले में सैफनी, नरपतनगर, दढ़ियाल को छोड़कर अन्य नगर पंचायतों के ईओ शामिल हैं। अमरोहा जिले के गजरौला, सैदनगली और बछरायूं के ईओ बेदाग निकले हैं लेकिन पैसा नहीं खर्च कर पाए हैं। बिजनौर जिले के सहसपुर मंडलावर को छोड़कर अन्य लोगों ने समय से पैसा खर्च नहीं किया था।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
