
बाक्सा (असम), 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । पर्यटन वर्ष 2025-26 के मद्देनजर विश्व धरोहर क्षेत्र मानस राष्ट्रीय उद्यान को बुधवार से पर्यटकों के लिए पुनः खोल दिया गया। इस अवसर पर मानस के बांसबाड़ी रेंज के पहले प्रवेश द्वार से दूसरे और मुख्य प्रवेश द्वार तक राष्ट्रीय उद्यान के पालतू हाथियों की मदद से एक जागरूकता जुलूस आयोजित किया गया।
इसके बाद फीता काटकर आधिकारिक रूप से मानस के मुख्य प्रवेश द्वार को पर्यटकों के लिए बीटीसी के वन विभाग के सीएचडी सुमन महापात्र ने खोला। सुमन महापात्र ने मानस के खोले जाने पर मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि आज से पर्यटकों के लिए मानस राष्ट्रीय उद्यान को पुनः खोला गया है। उन्होंने पर्यटकों स्वयं को सुरक्षित रखते हुए सुंदरता से मानस राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण करने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि मानस राष्ट्रीय उद्यान खोलने के पूर्व दिवंगत गायक जुबिन गर्ग की याद में एक मिनट का मौन प्रार्थना के साथ-साथ श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मानस राष्ट्रीय उद्यान खोलने के लिए आयोजित कार्यक्रम में मानस बाघ परियोजना और मानस राष्ट्रीय उद्यान के क्षेत्र संचालक डॉ. सी रमेश, उप क्षेत्र संचालक शशिधर रेड्डी, बांसबारी रेंज के रेंजर बारिन बोड़ो सहित कई अन्य विशिष्ट व्यक्ति और स्थानीय प्रकृति प्रेमी एवं ग्रामीणों ने भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि, प्रत्येक वर्ष बरसात के समय मानस राष्ट्रीय उद्यान को पर्यटकों के लिए बंद कर दिया जाता है। बरसात के समय राष्ट्रीय उद्यान में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाता है। जिसके चलते उद्यान में प्रवेश करने के सभी रास्ते जलमग्न हो जाते हैं। वहीं वन्य जीवों के उंचाई वाले इलाकों में पलायन के चलते भी स्थिति बेहद गंभीर हो जाती है। बरसात के मौसम के बाद फिर से मानस राष्ट्रीय उद्यान को औपचारिक रूप से पर्यटकों की खातिर खोला जाता है।—————————-
(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय
