West Bengal

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पहुंचने पर ममता बनर्जी ने दी बधाई

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

कोलकाता, 26 जून (Udaipur Kiran) ।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) तक सफलतापूर्वक पहुंचने पर बधाई दी है। शुभांशु शुक्ला एक्सिओम मिशन-4 के तहत अंतरिक्ष की ऐतिहासिक यात्रा पर निकले हैं और वे आईएसएस तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को एक ट्वीट में लिखा, हमारे अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और उनकी टीम के अन्य सदस्यों को एक्सिओम मिशन-4 के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक सुरक्षित पहुंचने पर हार्दिक बधाई! यह बेहद गर्व का क्षण है, खासकर हमारे अपने शुभांशु के लिए।

उन्होंने आगे कहा, यह मिशन न केवल एक व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि भारत के अंतरिक्ष विज्ञान की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे भारत की एक मजबूत और उभरती हुई अंतरिक्ष शक्ति के रूप में पहचान और भी सुदृढ़ हुई है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस संदेश में शुभांशु शुक्ला की उपलब्धि को देश की सामूहिक सफलता के रूप में दर्शाया गया है। उन्होंने कहा, आपकी यह यात्रा हम सभी भारतीयों के लिए प्रेरणा है। एक बार फिर से शुभकामनाएं शुभांशु! आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। जय हिंद!

एक्सिओम मिशन-4 एक निजी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से संचालित अंतरिक्ष अभियान है, जो वैज्ञानिक अनुसंधान और अंतरिक्ष तकनीक के विकास के लिए आईएसएस पर भेजा गया है। इस मिशन में भारत के लिए यह एक ऐतिहासिक पल है, क्योंकि पहली बार किसी भारतीय ने इस मिशन के तहत आईएसएस तक की यात्रा की है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top