
अनूपपुर, 26 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के विवादित बयान के विरोध में महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष माया नरोलिया के मार्गदर्शन में भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम के नेतृत्व में अनूपपुर के ग्रामीण मंडल चचाई में मंगलवार को जीतू पटवारी का पूतला दहन किया ।
अनूपपुर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रश्मि खरे ने कहा कि लाड़ली बहनों एवं मातृशक्ति का भाजपा के प्रति बढ़ते विश्वास से कांग्रेस बौखला गई है। आए दिन कांग्रेस के नेता विवादित बयान देते हैं। कांग्रेस की मानसिकता महिला विरोधी रही है। कांग्रेस के नेताओं द्वारा यह बयान दिया जाता है कि लाड़ली बहनों को हम बोरे में भर देंगे जबकि भाजपा सरकार महिलाओं का सम्मान करती है। वहीं जीतू पटवारी कहते हैं कि महिलाएं सबसे ज्यादा शराब अगर कहीं पीती है तो वह मध्य प्रदेश में पीती है। मध्य प्रदेश को यह तमगा मिला है।
महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष रश्मि खरे ने कहा यह बयान महिलाओं का अपमान है। इस देश में महिलाओं को देवी स्वरूपा समझा जाता है। जीतू पटवारी का यह बयान बहुत ही निंदनीय है। हमारी लाड़ली बहना, हमारी सरकार जिन बहनों का सम्मान करती है उन पर अपमानजनक सम्मान शब्दों का उपयोग करना यह कांग्रेस की संस्कृति है। कांग्रेस राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी उन्हें कैसी शिक्षा देते है यह तो वो ही जाने। जीतू पटवारी ने आज प्रदेश की महिलाओं का अपमान किया है। पुतला दहन के दौरान अनूपपुर ग्रामीण मंडल चचाई में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रश्मि खरे, भाजपा मंत्री ज्योति शर्मा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रवि द्विवेदी, मनोज प्रधान,दीपू कोल,सोमू गुप्ता, नवीन महाडिक,सेमवती काक्षी,राजकुमारी सिंह तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे ।
(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला
