
–ककोर में समाजवादी पार्टी ने गांधी और शास्त्री जयंती धूमधाम से मनाई
औरैया, 02 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय ककोर में गुरुवार को महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर सपा के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के प्रति उनके अद्वितीय योगदान को याद किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि महात्मा गांधी भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख राजनीतिक और आध्यात्मिक नेता रहे। उन्होंने सत्याग्रह और अहिंसा के बल पर पूरे विश्व को मानवता और स्वतंत्रता की राह दिखाई। उन्होंने बताया कि गांधी को राष्ट्रपिता की उपाधि नेताजी सुभाषचंद्र बोस ने 6 जुलाई 1944 को रंगून रेडियो से प्रसारित संदेश में दी थी, जब उन्होंने आज़ाद हिन्द फौज के सैनिकों के लिए गांधीजी का आशीर्वाद मांगा था।
लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए सर्वेश गौतम ने कहा कि वे भारत के दूसरे प्रधानमंत्री बने और लगभग अठारह महीने के कार्यकाल में उन्होंने देश को नई दिशा दी। काशी विद्यापीठ से शास्त्री की उपाधि प्राप्त करने के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में संसदीय सचिव के रूप में कार्य किया। गोविंद बल्लभ पंत के मंत्रिमंडल में उन्हें पुलिस एवं परिवहन विभाग सौंपा गया। परिवहन मंत्री रहते हुए उन्होंने पहली बार महिला संवाहकों की नियुक्ति कर एक नई परम्परा की शुरुआत की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि शास्त्रीजी का दिया हुआ नारा “जय जवान, जय किसान” आज भी किसानों और जवानों के गौरव का प्रतीक है और उनकी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा का उदाहरण हम सबके लिए प्रेरणा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया।—————–
(Udaipur Kiran) कुमार
