मुंबई, 09 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश ईकाई की ओर से मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दैनिक उपयोग की विभिन्न आवश्यक वस्तुएं, खाद्यान्न और खाद्य सामग्री भेजी गई है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने सामग्री से भरे पहले ट्रक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य भाजपा जम्मू-कश्मीर में बाढ़ से प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष और पदाधिकारियों से बात की और उनकी ज़रूरतों को समझा और उसी के अनुसार रोज़मर्रा की ज़रूरत की चीज़ें भेजी जा रही हैं। राज्य के विभिन्न हिस्सों से सामग्री से भरे कई ट्रक जम्मू-कश्मीर जायेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने बताया कि उन्होंने भाजपा जम्मू-कश्मीर प्रदेश अध्यक्ष सतपाल शर्मा और विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा से बात की और बाढ़ पीड़ितों के लिए आवश्यक वस्तुओं और सामग्री की आवश्यकता को समझा। उसी के हिसाब से आज पांच हजार टेंट, दस हजार गद्दे, दस हजार कंबल, खाना पकाने के स्टोव, पांच हजार छोटे गैस स्टोव, पांच हजार सौर लैंप, दस किलो चावल के पांच हजार बैग, दस किलो गेहूं के आटे के बैग, दस किलो चीनी के पांच हजार बैग, एक लीटर खाद्य तेल की पांच हजार बोतलें, महिलाओं और पुरुषों के दो-दो हजार कपड़े और स्वेटर आज भेजे गए हैं।
इस अवसर पर कार्यालय सह-प्रभारी सुमंत घैसास, वरिष्ठ नेता सुनील कर्जतकर, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवनाथ बान, प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश चौहान, आसिफ भामला, कार्यालय सचिव मुकुंद कुलकर्णी, कार्यालय सहसचिव भरत राउत आदि उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
