CRIME

महाराजगंज: पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की थी पति की हत्या, गिरफ्तार

घटना का खुलासा करते पुलिस अधीक्षक, पकड़े गए आरोपित

महराजगंज, 14 सितंबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की ठूठीबारी थाना पुलिस ने रविवार को नागेश्वर रौनियार (36) की हत्या का खुलासा कर दिया है। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की और हादसा दिखाने के उद्देश्य से शव को सड़क पर फेंक दिया था। पुलिस ने हत्यारोपित पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने रविवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि ​ठूठीबारी थाना क्षेत्र के गांव राजाबारी निवासी नागेश्वर रौनियार (36) का शव बीते शनिवार को पुलिस ने बरामद किया था। पिता राज रौनियार ने बेटे की हत्या का आरोप बहू नेहा रौनियार पर लगाते हुए तहरीर दी थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

छानबीन के दौरान पाया कि नेहा मूलरूप से नेपाल की रहने वाली है। उसकी शादी को छह साल हो गये और उसका एक बेटा भी है। बीते एक साल से उसका प्रेम संबंध गांव के ही जितेंद्र से चल रहा है। इस बात की जानकारी जब नागेश्वर को हुई तो उसने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। इस पर नेहा बेटे को लेकर शहर में एक किराये के मकान में रहने लगी। नागेश्वर ने कई बार पत्नी को समझाने का भी प्रयास किया पर वह उसकी बात नहीं मानी।

पति नागेश्वर से छुटकारा पाने के लिए नेहा ने 12 सितंबर को मिलने के लिए अपने मकान पर बुलवाया। नागेश्वर घर पहुंचा ताे नेहा ने शराब पिलाकर उसे नशे में कर दिया। इसके बाद उसने उसका हाथ पैर बांध दिया और सीने पर बैठ गई। प्रेमी जितेंद्र ने गला दबाकर नागेश्वर काे मार डाला। शव को बाहर कई किलोमीटर दूर सड़क पर फेंक दिया ताकि यह मौत सड़क हादसा लगे। पुलिस ने इस सनसनीखेज घटना का खुलासा करते हुए आरोपिताें को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

———–

(Udaipur Kiran) / दीपक

Most Popular

To Top