Assam

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के बागड़ी वनक्षेत्र में की जीप सफारी

असमः काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में पालतू हाथियों को भोजन कराते मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

गोलाघाट (असम), 05 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । असम प्रवास के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी के साथ काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के बागड़ी वनक्षेत्र में जीप सफारी की। साथ ही, राष्ट्रीय उद्यान के पालतू विभागीय हाथियों को खाद्य सामग्री खिलाया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय रेंज में जीप सफारी के दौरान पार्क की हरी-भरी वादियों, नदियों और घने जंगलों का आनंद लिया। युनेस्को विश्व धरोहर स्थल काजीरंगा, जो एक सींग वाले गैंडे के लिए जाना जाता है, वहां हाथियों की बड़ी संख्या ने विशेष आकर्षण पैदा किया। सफारी में उन्होंने जंगली भैंसों, हिरनों और पक्षियों की झलक पाई।

पहली बार काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का दौरा करके प्रभावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने काजीरंगा के वन्यजीव संरक्षण व्यवस्था की सराहना की। इसके अलावा उन्होंने मध्य प्रदेश के साथ काजीरंगा के वन्यजीवों के आदान-प्रदान के मुद्दे पर असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से चर्चा करने की बात कही। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काजीरंगा दौरे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर बताया कि मध्य प्रदेश में भी हाथी हैं, इसलिए यहां के प्रबंधन से प्रेरणा लेना महत्वपूर्ण है। काजीरंगा की जैव विविधता ने उन्हें प्रभावित किया, जहां उन्होंने हाथी प्रबंधन की बारीकियां सीखीं।

काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने पार्क के संरक्षण प्रयासों की सराहना की और जैव विविधता को बनाए रखने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री की यह यात्रा न केवल प्रकृति प्रेम को दर्शाती है, बल्कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी उजागर करती है।

———–

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Most Popular

To Top