
उदयपुर, 26 जून (Udaipur Kiran) । भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को हटाने को लेकर कोई षड्यंत्र नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में सत्ता और संगठन के बीच बेहतरीन तालमेल है और राज्य में केंद्र के सहयोग से डबल इंजन की सरकार सुचारु रूप से कार्य कर रही है।
राठौड़ ने बुधवार को उदयपुर नगर निगम सभागार में पत्रकारों से चर्चा में कांग्रेस नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को जब वे खुद शिक्षा मंत्री थे, तब के हालात याद करने चाहिए। उस वक्त खुद उनके और तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच मतभेद जगजाहिर थे। उन्होंने कहा कि भाजपा में ऐसा कोई टकराव नहीं है और सरकार विधि-सम्मत कानून व्यवस्था को मजबूती से लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि डोटासरा खुद में नहीं झांकते और अब दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत लोकतंत्र के हत्यारों के समर्थन में बयान दे रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी राधा मोहनदास अग्रवाल ने प्रेसवार्ता में कहा कि लोकतंत्र में सरकार चाहे किसी भी दल की हो, जनता को अपने अधिकारों की पूर्ण स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि 900 चूहे खा के बिल्ली हज को चली।
अग्रवाल ने कहा कि सच्ची लोकतांत्रिक हत्या तो इमरजेंसी में हुई, जब इंदिरा गांधी ने प्रेस की स्वतंत्रता छीन ली, हजारों लोगों को जेल में डाला गया और अदालतों को तहस-नहस किया।
—————
(Udaipur Kiran) / सुनीता
