


धौलपुर, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । पूर्वी राजस्थान के प्रसिद्व लोकतीर्थ तीर्थराज मचकुंड का लक्खी मेला गुरूवार को शुरू हो गया। दो दिन तक चलने वाले मेले में आज पहले दिन ऋषि पंचमी पर संत एवं महंतों ने स्नान किया। मेले के दूसरे दिन शुक्रवार को देवछठ के मौके पर पर्व स्नान होगा। मचकुंड मेले में श्रद्वालुओं के पंहुचने का क्रम शुरू हो गया,जो रात तक जारी रहा।
मचकुंड मेले में आने वाले श्रद्वालुओं के लिए प्रशासन,पुलिस और नगर परिषद की ओर से खास इंतजाम किए गए हैं। तीर्थराज मचकुंड मेले के पहले दिन ऋषि पंचमी को आज संतों का शाही स्नान हुआ। प्राचीन मंगल भारती हनुमान मंदिर के महंत रणछोड दास महाराज की अगुवाई में संतों को शोभा यात्रा के रूप में मचकुंड सरोवर तक ले जाया गया। इसके बाद में संत रणछोड दास महाराज,मंहत कृष्ण दास महाराज,महंत रामदास महाराज,स्वामी शिवानंद सरस्वती एवं महंत श्याम सुन्दर शर्मा सहित अन्य संत एवं महंतों ने पवित्र मंत्रों के बीच में मचकुंड के पवित्र जल में पर्व स्नान किया। उधर,ऋषि पंचमी के मौके पर श्रद्वालु सरोवर क्षेत्र पंहुचे तथा वहां पर बने अपने पूर्वजों के चबूतरों पर पूजा अर्चना की। आज ही महिलाओं ने ऋषि पंचमी की कथा सुनी तथा मचकुंड सरोवर क्षेत्र में बने मंदिरों पर पूजा अर्चना की। इसके बाद संतों को भोजन भी कराया गया। श्रद्वालुओं ने भी संत एवं महंतों को दान पुण्य भी किया।
मचकुंड मेले में शुक्रवार को देवछठ के मौके पर श्रद्वालु पर्व स्नान कर मौहर और मौहरियों को जल में विसर्जित करेंगे। मचकुंड मेले में सबसे ज्यादा श्रद्वालु मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश से आते हैं,जिनके पंहुचने का क्रम देर रात तक जारी रहा। श्रद्वालु रात को सरोवर क्षेत्र में विश्राम के बाद में शुक्रवार तडके पर्व स्नान करेंगे। मचकुंड मेले के लिए पुलिस,प्रशासन और नगर परिषद की ओर से सभी इंतजाम किए गए हैं। सरोवर में श्रद्वालुओं के डूबने जैसी संभावित दुर्घटना की रोकथाम के लिए गोताखोर और नावों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पूरे मेला क्षेत्र की सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। आज दिन में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रदीप
