
मंडी, 15 जून (Udaipur Kiran) । मंडी नगर निगम के वार्ड नंबर दो पुरानी मंडी के वासणी स्थित एक मकान के स्लैब पर बने स्टोर में अचानक आग लगने से लाखों का नुक्सान होने का अनुमान है। पुरानी मंडी की पहाड़ी पर स्थित वासणी में रविवार दोपहर सवा बारह बजे के करीब स्थानीय निवासी सोहन सिंह सकलानी के मकान की दूसरी मंजिल पर बनें स्टोर में अज्ञात कारणों से आग लगने से भारी नुक्सान हुआ। यह आग इतनी भीषण थी कि रसाेई गैस सिलेंडर फटने से तीस फीट ऊपर तक पेड़ जल गया।
नगर निगम के मेयर वीरेंद्र भट्ट शर्मा जिनका यह वार्ड है भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों में मदद की। उन्होंने बताया कि रविवार की छुट्टी होने के कारण आसपास के घरों में युवा मौजूद थे जिसकी वजह से राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। लेकिन स्टोर में कपड़े और बर्तन आदि सामान रखा होने की वजह से आग भड़क गई। इसके बावजूद अग्नि शमन कर्मचारियों के आने से पहले आग पर काबू पा लिया और पूरे घर में फैलने से रोक दिया गया। साेहन लाल सकलानी के अनुसार आग से भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने बताया कि आग से लगभग लगभग पांच लाख का नुक्सान हुआ है। मंडी पुलिस ने मौके पर पहुंच मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
