
चंडीगढ़, 20 जुलाई (Udaipur Kiran) । गीता की उपदेशात्मक स्थली पर महाभारत आधारित घटनाओं पर तैयार हो रहे ‘ज्योतिसर अनुभव केंद्र’ में अक्टूबर माह में दर्शक सजीव अवलोकन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ज्योतिसर अनुभव केंद्र के कार्य को जल्द पूरा करने को लेकर विभागों की जिम्मेदारी तय की है। साथ ही, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि आधे-अधूरे छोटे कामों को तुरंत पूरा किया जाए।
देश-विदेश से आने वाले पर्यटक व श्रद्धालु ज्योतिसर अनुभव केंद्र में महाभारत कालीन घटनाओं एवं पात्रों का सजीव चित्रण का दीदार कर सकेंगे। 250 करोड़ की लागत से तैयार हो रहे अनुभव केंद्र का काम अक्टूबर माह तक पूरा होने की संभावना है। ज्योतिसर अनुभव केन्द्र में स्वागत कक्ष, महाकाव्य का सृजन कक्ष, प्राचीन महाभारत, कुरुवंशावली, गीता श्लोक, कृष्ण भूमिका, दशव अवतार सहित अन्य कक्षों को तैयार किया जा रहा है।
अभी हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने अधिकारियों की बैठक में सख्ती दिखाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि तय समयावधि के भीतर अनुभव केंद्र का कार्य पूरा होना चाहिए।
खासकर विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और अधूरे छोटे कामों को लटकाने की बजाय उन्हें तुरंत पूरा करें।
अनुभव केंद्र को तैयार करने का मुख्य जिम्मा पर्यटन विभाग का है। पर्यटन विभाग के साथ पीडब्ल्यूडी, जनस्वास्थ्य विभाग, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड भी शामिल है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम की ओर से थर्ड गेट से लेकर ज्योतिसर तक गैस पाइप लाइन बिछाई जाएगी। वहीं ब्यूटीफिकेशन काम भी विभागों को निर्धारित किया गया है।
भगवान श्रीकृष्ण के पंसदीदा वृक्ष बढ़ाएंगे गीता स्थली की शोभा
भगवान श्रीकृष्ण का कदंब का पेड़ सबसे पसंदीदा पेड़ था। कदंब के पेड़ को भगवान का पेड़ माना जाता है, क्योंकि भगवान श्रीकृष्ण कदंब के पेड़ के नीचे ही बांसुरी बजाते हुए अपनी लीलाएं दिखाया करते थे। इसके साथ ही मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण से जुड़े पेड़ों का जंगल तैयार किया जा रहा है, उसी तर्ज पर गीता की उपदेशात्मक स्थली ज्योतिसर में कदंब, पीलू, तमाल, बरगद, पाकड़, मोलश्री, खिरानी, अर्जुन और पलाश जैसे पेड़ लगाए जाएंगे। बाकायदा, इन पेड़ों का महत्व भी उल्लेखित किया जाएगा, ताकि पर्यटक इनकी महत्ता को समझ सकें।
48 कोस तीर्थ निगरानी कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा ने रविवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि गीता स्थली में महाभारत थीम पर बन रहा ज्योतिसर अनुभव केंद्र प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी का ड्रीम प्रोजैक्ट है। महाभारत कालीन घटनाओं व पात्रों का अनुभव केंद्र में सजीव चित्रण के दर्शक करने के साथ पर्यटक भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से भी रूबरू होंगे।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
