HEADLINES

लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

नई दिल्ली, 18 अगस्त (Udaipur Kiran) । लोकसभा की कार्यवाही सोमवार को हंगामे के बीच दो बार स्थगित होने के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गयी। इस दौरान ‘अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री- 2047 तक विकसित भारत’ के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम की महत्वपूर्ण भूमिका पर लोकसभा में विशेष चर्चा शुरू हुई। साथ ही दो विधेयक सदन के विचार के लिए पेश किए गए।

लोकसभा में पूर्वाह्न 11 बजे कार्यवाही प्रारंभ हुई और विपक्ष हंगामा जारी रहा। प्रश्न काल कुछ देर के लिए चला। इस दौरान अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों को चेतावनी दी कि सरकारी संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। उन्होंने राज्य विधानसभाओं का उदाहरण दिया और कहा कि इस तरह की हरकतों के लिए वहां सदस्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है।

इसके बाद कार्यवाही को 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। कार्यवाही 12 बजे प्रारंभ होने पर सरकार ने जन विश्वास संशोधन विधेयक पेश किया। इसका उद्देश्य छोटे अपराधों का अपराधीकरण समाप्त करना, अनुपालन बोझ कम करना और विश्वास आधारित शासन स्थापित करना है। इसके बाद प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक, 2025 लोकसभा में पेश किया गया। बाद में जन विश्वास विधेयक को प्रवर समिति को भेजे जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी। इसके बाद कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।

दो बजे कार्यवाही के दोबारा प्रारंभ होने पर सरकार ने अंतरिक्ष यात्री शुभम शुक्ला की सफल यात्रा पर विशेष चर्चा की। अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह ने विशेष चर्चा का प्रारंभ किया। विपक्ष का एसआईआर के मुद्दे पर हंगामा जारी रहा। इसके बाद पीठासीन अधिकारी दिलीप सैकिया ने सदस्यों से चर्चा में भाग लेने का अनुरोध किया। हंगामा जारी रहने पर कार्यवाही को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया।

—————

(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा

Most Popular

To Top