Bihar

दीपों के साथ जागरूकता की रोशनी, दिवाली पर जीविका दीदियों ने दिया मतदाता जागरूकता का संदेश

जागरूकता संदेश

सहरसा, 21 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दीपावली जैसे पावन पर्व पर जहाँ पूरा देश दीपों की रोशनी में जगमगा रहा था, वहीं सहरसा जिले के महिषी प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलवा की जीविका दीदियाँ लोकतंत्र के दीप जलाने में जुटी रहीं।

मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत जीविका दीदियों ने दिवाली के दिन भी अपने कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान दीदियों ने आकर्षक मतदाता जागरूकता रंगोली बनाकर ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया। रंगोली में “पहले मतदान, फिर जलपान” और “एक वोट, एक जिम्मेदारी” जैसे प्रेरक संदेशों को खूबसूरती से उकेरा गया, जिसने लोगों को मतदान के महत्व पर सोचने को प्रेरित किया।

इस अवसर पर जीविका दीदियों ने सामूहिक रूप से मतदाता शपथ ग्रहण किया और संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगी और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी। दीदियों ने कहा कि लोकतंत्र की सच्ची रोशनी तभी जगमगाएगी जब हर पात्र नागरिक मतदान के माध्यम से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।

डीपीएम जीविका श्लोक कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जीविका की दीदियाँ न केवल आर्थिक सशक्तिकरण की मिसाल हैं, बल्कि अब वे सामाजिक जागरूकता की अग्रदूत भी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सहरसा जिले में जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी से इस बार मतदान प्रतिशत में अवश्य वृद्धि होगी।

दिवाली के दिन भी जीविका दीदियों का यह समर्पण दर्शाता है कि लोकतंत्र के प्रति जागरूकता केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक जनांदोलन बन चुका है।उनका संदेश स्पष्ट था“दीपावली में दीप जलाएँ, लोकतंत्र को और उज्ज्वल बनाएँ।”

(Udaipur Kiran) / अजय कुमार

Most Popular

To Top