धर्मशाला, 24 अगस्त (Udaipur Kiran) । जिला कांगड़ा में भारी बारिश और भूस्खलन का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। बीती रात जिला के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की सुधेड़ पंचायत में हुए भूस्खलन ने कई परिवारों को बेघर कर दिया है। यही नहीं हादसे में 10 से 15 मवेशियों की भी मौत हो गई है। इसी बीच धर्मशाला शहर में भी खतरे की स्थिति बनी हुई है। क्रिकेट स्टेडियम के ठीक सामने झिकली बडोल क्षेत्र में लैंडस्लाइड घरों तक पहुंच गई है। यहां करीब 4 से 5 मकान खतरे की जद में हैं और साथ लगते रास्ते भी ध्वस्त होने की कगार पर पहुंच गए हैं। लगातार बारिश होने की स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोग अपने घरों और गौशालाओं के खो जाने के डर से सहमे हुए हैं।
जिले में बरसाती आपदा से अब तक 48 लोगों की मौत, 60 करोड़ से अधिक का नुक़सान
जिला कांगड़ा में हालिया भारी बारिश और भूस्खलन से अब तक भारी नुकसान दर्ज किया गया है। आपदा में कुल 48 लोगों की जान गई है, जिनमें सड़क हादसे, डूबने, ऊंचाई से गिरने, सांप के काटने, करंट लगने, दीवार गिरने, भूस्खलन, अचानक बाढ़ और पत्थर लगने जैसी घटनाएं शामिल हैं। पशुधन की दृष्टि से भी बड़ा नुकसान हुआ है, जहां 22 गाय, 9 भैंस, 2 खच्चर, 1 बैल, 112 बकरियाँ और 10 भेड़ें समेत कुल 156 मवेशियों की मौत हुई है, जिससे करीब 21.69 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। अब तक जिले में 564 मकान और 586 गौशालाएँ क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जिनसे क्रमशः 381.13 लाख और 154.72 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अतिरिक्त 23 दुकानें, 28 रसोईघर, 2 लेबर शेड, 3 आटा चक्की और 8 डंगे क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिससे 8.51 लाख का नुकसान हुआ है। 4 बाथरूम, 5 रिटेनिंग वॉल, 1 पथ और 1 मशीन क्षतिग्रस्त होने से लगभग 13.45 लाख रुपये का नुकसान और दर्ज किया गया है। अब तक जिले में आपदा से कुल 601.05 लाख यानि 60 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति सामने आई है, जबकि 2 लोग अब भी लापता हैं।
(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया
