
पन्ना, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र पन्ना (गंगऊ) अभयारण्य अन्तर्गत राजस्व क्षेत्र एन.एम.डी.सी. के डंपिग क्षेत्र में बनाई गई पत्थर की दीवाल के ऊपर बुधवार को एक वयस्क नर तेंदुआ मृत पाया गया। पृथम दृष्टया तेंदुये की मृत्यु पत्थर की दीवाल के ऊपर से गई 11 के.व्ही. विद्युत लाइन की चपेट में आने से हुई हैं।
उक्त घटना हिनौता ग्राम के राजस्व क्षेत्र में पन्ना टाइगर रिजर्व के हिनौता परिक्षेत्र के फैमिली क्वाटर्स के सामने घटित हुई है। घटना की सूचना प्राप्त होते ही क्षेत्र संचालक नरेश यादव, पन्ना टाइगर रिजर्व, उप संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व मोहित सूद, सहायक संचालक पन्ना/मड़ला, मौके पर पहुंचे। मौके पर परिक्षेत्र अधिकारी हिनौता, गंगऊ अभयारण्य एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। मृत तेंदुए के शव को मौके से जप्त करते समय एन.एम.डी.सी. की निर्मित दीवार को तोड़ा गया। फिलहाल अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बांकी है।
—————
(Udaipur Kiran) / सुरेश पांडे
