Uttar Pradesh

कन्नौज: प्रधानपति की गिरफ्तारी के बाद लेखपालों का धरना समाप्त

कन्नौज: प्रधानपति की गिरफ्तारी के बाद लेखपालों का धरना समाप्त

कन्नौज, 30 जुलाई (Udaipur Kiran) । सदर कोतवाली क्षेत्र के सकरी खुर्द ग्राम पंचायत के मजरा लक्ष्मनपुर में बारात शाला की जमीन पैमाइश करने गये लेखपाल से ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने मारपीट कर अभिलेख फाड़ दिये। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं की गई। इसी से नाराज सदर तहसील के लेखपालों ने काम बंद कर हड़ताल कर दी। बोले, जब तक गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक काम नहीं किया जायेगा।

आज दोपहर प्रधान पति की गिरफ्तारी के बाद लेखपालों ने अपना धरना समाप्त करने की घोषणा की।

आनन्द शंकर दीक्षित सदर क्षेत्र दाईपुर में लेखपाल हैं। वह 25 जुलाई को ग्राम पंचायत सकरी खुर्द में बारातशाला की पैमाइश करने मजरा लक्ष्मनपुर गये थे। उनके साथ समाज कल्याण विभाग के जेई व ठेकेदार गौरव दुबे भी थे। भूमि के संबंध में ग्राम प्रधान के पति/प्रतिनिधि निर्मल कटियार को बुलाया गया। उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि उनकी मर्जी के बगैर भूमि चिन्हित करने की हिम्मत कैसे हो गई। जहां वे चाहेंगे वहीं पर बारातशाला का निर्माण किया जायेगा। दबाव बनाते हुए जबरन प्रस्ताव लिखवाने का प्रयास करने लगे। जब विरोध किया तो निर्मल ने सरकारी अभिलेख छीन कर फाड़ दिये। गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। मौके पर मौजूद जेई व अन्य लोगों ने किसी तरह बचाया। मामलादर्ज हाेने के बाद भी पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी नहीं की। इससे नाराज लेखपाल संघ कन्नौज शाखा के लेखपालों ने मंगलवार को हड़ताल शुरू कर दी थी।

–गाली गलौज हुई मारपीट नहीं: निर्मल

प्रधान पति निर्मल कटियार ने बताया, कई दिनों पहले गांव के एक दबंग व्यक्ति ने गांव की नाली पर दीवार बना दी। लेखपाल से शिकायत की। इस पर उनकी नहीं सुनी। गांव के एक व्यक्ति ने बंजर भूमि पर कब्जा किया। शिकायत की फिर भी सुनवाई नहीं हुई। 25 जुलाई को बारात घर के लिए लेखपाल नाप करने आये। उस जगह पर पेड़ लगे थे, मना किया तो अपशब्द बोलने लगे तभी गाली-गलौज की, मारपीट नहीं की।

(Udaipur Kiran) झा

Most Popular

To Top