
लीड्स, 21 जून (Udaipur Kiran) । भारत के नए टेस्ट उपकप्तान ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भी अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए अपने करियर का सातवां टेस्ट शतक जड़ दिया। उन्होंने यह उपलब्धि 146 गेंदों में 10 चौकों और 4 छक्कों की मदद से हासिल की। पंत ने इस शतक के साथ भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विकेटकीपर के रूप में महेंद्र सिंह धोनी (6 शतक) को पीछे छोड़ दिया है। पंत 178 गेंदों पर 12 चौके और 6 छक्कों की बदौलत 134 रन बनाकर आउट हुए। पंत को जोश टंग ने एलबीडब्ल्यू आउट किया।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारत के टॉप विकेटकीपर-बल्लेबाज
भारत की टेस्ट क्रिकेट विरासत को कई बेहतरीन विकेटकीपर बल्लेबाजों ने आकार दिया है, जिन्होंने विकेटों के पीछे तो कमाल दिखाया ही, साथ ही बल्ले से भी अहम योगदान दिया। आइए नजर डालते हैं भारत के उन तीन शीर्ष विकेटकीपर बल्लेबाजों पर, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज़्यादा शतक लगाए हैं।
ऋषभ पंत – 77 पारियों में 7 शतक
ऋषभ पंत बेहद कम समय में एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ते हुए सबसे ज़्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय विकेटकीपर बने हैं। उन्होंने 77 पारियों में ही 7 शतक जड़ दिए हैं। इंग्लैंड में डेब्यू शतक से लेकर ऑस्ट्रेलिया में नाबाद 159 रन और दक्षिण अफ्रीका व इंग्लैंड में विदेशी सरजमीं पर शानदार पारियों के जरिए उन्होंने कई बार भारत को मुश्किल परिस्थितियों से निकाला है। सिर्फ 26 साल की उम्र में ही पंत ने खुद को भारत के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट विकेटकीपरों में शामिल कर लिया है।
महेंद्र सिंह धोनी – 144 पारियों में 6 शतक
दुनिया के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर-बल्लेबाजों में शुमार एमएस धोनी ने अपने 90 टेस्ट मैचों की 144 पारियों में 6 शतक लगाए। 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ 148 रन की विस्फोटक पारी से उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपना दबदबा कायम किया। उनका सबसे यादगार शतक 2013 में आया, तब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई में 224 रन का तूफानी पारी खेली थी। खास बात यह रही कि धोनी के सभी शतक टीम के लिए उपयोगी साबित हुए और कभी भी हार की स्थिति में नहीं आए।
रिद्धिमान साहा – 54 पारियों में 3 शतक
धोनी के टेस्ट से संन्यास के बाद रिद्धिमान साहा ने भारत की विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाली। अपनी जुझारू शैली के लिए पहचाने जाने वाले साहा ने 40 टेस्ट मैचों में तीन शतक लगाए। उनका पहला शतक 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्रोस आइलेट में आया, जहां उन्होंने रविचंद्रन अश्विन के साथ 213 रनों की साझेदारी में 104 रन बनाए। इसके बाद 2017 में बांग्लादेश (हैदराबाद) और ऑस्ट्रेलिया (रांची) के खिलाफ दो और शतक जड़े। रांची की पारी ने भारत को हार से बचाया था।
—————
(Udaipur Kiran) दुबे
