
उत्तर बंगाल, 07 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी मंगलवार दोपहर बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचे। उनके साथ कई स्थानीय भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
सूत्रों के अनुसार, शुभेंदु अधिकारी दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी सहित बाढ़ प्रभावित उत्तर बंगाल के कई इलाकों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे अस्पताल में भर्ती सांसद खगेन मुर्मू और विधायक डॉ. शंकर घोष से भी मुलाकात करेंगे।
सोशल मीडिया एक्स पर शुभेंदु अधिकारी ने लिखा कि उत्तर बंगाल के बाढ़ प्रभावित लोग पिछले दो दिनों से भोजन, पेयजल और आश्रय की भारी कमी से जूझ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संकट के समय सरकार और प्रशासन कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के विधायक, सांसद और पार्टी कार्यकर्ता लगातार राहत कार्यों में जुटे हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन, पीने के पानी, सुरक्षित आश्रय और दवाइयों की व्यवस्था की जा रही है। कार्यकर्ता जनसेवा की भावना से लोगों के बीच काम कर रहे हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद शमिक भट्टाचार्य स्वयं प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद रहकर राहत वितरण और विभिन्न सेवाओं की निगरानी कर रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
