
नई दिल्ली, 20 जून (Udaipur Kiran) । केंद्रीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को बताया कि एक्सिओम मिशन-4 (एक्सिओम-4) की प्रस्तावित लॉन्चिंग फिलहाल टाल दी गई है। यह मिशन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) के लिए रवाना होने वाला था, जिसमें भारत के शुभांशु शुक्ला सहित चार अंतरिक्ष यात्री सवार होने वाले थे।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने एक्स पोस्ट में बताया कि नासा ने फिलहाल 22 जून को निर्धारित संभावित लॉन्च तिथि से स्टैंड डाउन (वापस हटने) का फैसला लिया है। अब मिशन की लॉन्चिंग नई तिथि पर की जाएगी, जिसकी घोषणा जल्द ही की जाएगी।
एक्सिओम-4 मिशन को अंतरिक्ष में भेजने की जिम्मेदारी निजी अमेरिकी कंपनी एक्सिओम- स्पेस की है, जो नासा के सहयोग से वाणिज्यिक अंतरिक्ष यात्राओं को अंजाम देती है। इस मिशन की खास बात यह है कि इसमें भारत के युवा वैज्ञानिक शुभांशु शुक्ला भी अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले हैं, जिससे देश में खासा उत्साह है।
डॉ. सिंह ने कहा कि उन्हें जो जानकारी प्राप्त हुई है, उसके अनुसार मिशन को नई संभावित तिथि पर लॉन्च किया जाएगा। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि देरी के पीछे कोई तकनीकी या सुरक्षा कारण हो सकता है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि नासा द्वारा की जाएगी।
एक्सिओम-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर कई वैज्ञानिक प्रयोग और अनुसंधान कार्य करेंगे। भारत के लिए यह मिशन इसलिए भी खास है क्योंकि यह निजी अंतरिक्ष उड़ानों में भारतीयों की भागीदारी को दर्शाता है और आने वाले समय में देश की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं को गति देने में सहायक होगा। देशभर के वैज्ञानिक और अंतरिक्ष प्रेमी शुभांशु शुक्ला की इस उड़ान को लेकर उत्साहित हैं और अब सभी की नजरें नई लॉन्च तिथि पर टिकी हैं।
———-
(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार
