
उत्तर 24 परगना, 30 सितंबर (Udaipur Kiran News) । फरवरी के बाद कई महीने शांत रहने के बाद, सोमवार देर रात जगद्दल में फिर एकबार बमबाजी और गोलीबारी की घटना घटी। आधी रात करीब 12:30 बजे पूर्व सांसद और भाजपा नेता अर्जुन सिंह के घर के सामने इस घटना को अंजाम दिया गया। इस दौरान उपद्रवियों ने उनके भतीजे संजय सिंह की गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। पूरे इलाके में अफ़रा-तफ़री मच गई। पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स मौके पर पहुंच चुकी है और जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लगातार बमबाजी के कारण मेघना मोड़ धुएं से भर गया, जो अर्जुन सिंह के घर से कुछ ही दूरी पर है। अर्जुन सिंह का आरोप है कि बमबाजी के बाद बदमाशों ने गोलियां भी चलाईं।
भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे मैं टीवी देख रहा था, तभी बाहर से जोरदार शोरगुल सुनाई दिया। पास के पूजा मंडप में दो गुटों के बीच गाली-गलौज और विवाद हो गया था। वहां पहले से ही कुछ पुलिसकर्मी तैनात थे, जिन्होंने एक गुट को वहां से हटाया। इसके तुरंत बाद बमबाजी शुरू हो गई।
उन्होंने कहा कि पास ही एक निर्माणाधीन मंदिर है। उसकी दीवार के पार से बदमाश बम फेंक रहे थे और गोलियां चला रहे थे। मेरे पास इसका वीडियो भी है। पुलिसकर्मियों को मैंने भागते हुए देखा। जब मैं बाहर निकला तो हमलावर वहां से भाग खड़े हुए। जिस तरह से बम और गोलियां चलाई गईं, अगर पलटकर जवाबी फायरिंग होती तो किसी की जान भी जा सकती थी। यह सब पूर्व नियोजित था।
इस हमले में अर्जुन सिंह के भतीजे संजय सिंह की कार को भी नुकसान पहुंचा। कार उस इलाके में खड़ी थी जहां बम फटे और गोलियां चलीं। आरोप है कि हमलावरों ने कार पर ईंट-पत्थर बरसाए और शीशे तोड़ दिए।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
