
इंफाल, 03 अगस्त (Udaipur Kiran) । मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में कई जिलों में एक साथ अभियान चलाकर उग्रवादी संगठनों से जुड़े और नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया।
एक इंफाल ईस्ट जिले के लैरिक्येंगबम माखा लैकाई इलाके में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीपुल्स वॉर ग्रुप) के कैडर एन अमरजीत सिंह उर्फ नोनों (37) को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। सिंह पर महिलाओं के खिलाफ अपराध, भूमि विवाद, रंगदारी और एक डॉक्टर के अपहरण जैसे गंभीर मामलों में संलिप्त रहने का आरोप है। उसके पास से मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ।
एक अन्य अभियान में, कांगलेइपाक कम्युनिस्ट पार्टी (एमएफएल) गुट के सदस्य यैखोम मोरम्बा सिंह (21) को इंफाल ईस्ट के हेंगांग थाना क्षेत्र के मंत्रीपुखरी इलाके से पकड़ा गया। वह आम लोगों से पैसे वसूलने और राज्य बलों से हथियार छीनने के मामलों में शामिल था। उसके पास से एक बैग, मोबाइल फोन, आधार कार्ड और 10,000 रुपये नकद मिले।
उसी दिन इंफाल वेस्ट जिले के लैंगोल टाइप-II इलाके से खुद को केसीपी का “मेजर” बताने वाला वहेंगबम इसरिएल सिंह उर्फ चलम्बा (47) को भी गिरफ्तार किया गया। उसने बिष्णुपुर जिले के सरकारी अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को धमकी देने का काम किया था। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किया।
चुराचांदपुर जिले में मता गांव के पास एक बोलेरो पिकअप वाहन में सफर कर रही महिला चिनलुननिआंग (39), निवासी वॉल वेंग गांव, को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से करीब 2.4 किलोग्राम वाईवाई टैबलेट्स बरामद हुए।
इसके अतिरिक्त, कांगपोकपी जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपितों में लिंगनेइचोंग उर्फ हेचोंग हैंशिंग (42), रेबेका हाओकिप (गमगिफाई) और पाओटिनकाई खोंगसाई (सैकुल) शामिल हैं। उनके पास से 2.61 किलो ब्राउन शुगर, 2.88 किलो अफीम, 140 ग्राम गांजा, 23,110 रुपये नकद और 14 मोबाइल फोन जब्त किए गए।
राज्य में उग्रवाद और मादक पदार्थों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई एक अहम कदम मानी जा रही है।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
