Uttar Pradesh

लखीमपुर, पीलीभीत में खतरे के निशान के निकट पहुंचा शारदा नदी का जल स्तर

शारदा नदी का बढता जल स्तर

लखनऊ, 30 जून (Udaipur Kiran) । लखीमपुर में शारदा नदी का जल स्तर सोमवार को तीन बजे तक खतरे के निशान के निकट पहुंच गया। सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कार्यालय ने शारदा नदी के जल स्तर को खतरे के निशान से मात्र .390 मीटर नीचे पाया है। यह नाप शारदा नगर घाट के पास ली गयी है। लखीमपुर में ही पलियां कलां में शारदा नदी का जलस्तर .220 मीटर नीचे ही रह गया है।

इसी तरह शारदा नदी के जल स्तर के खतरे के निशान के निकट पहुंचने पर पीलीभीत जिले में भी बाढ़ का खतरा मंडराता हुआ दिखायी दे रहा है। पीलीभीत के पूरनपुर में शारदा नदी का जल स्तर तेजी से बढ़ा है और सिंचाई विभाग ने आसपास के गांवों के ​लोगों को अलर्ट कर दिया है। गांव वालों से आवश्यक सामग्री, पशुओं को हटाने के लिए कहा जा रहा है।

बाढ़ नियंत्रण कार्यालय की ओर दी गयी जानकारी में बताया गया कि शारदा नदी की मौजूदा स्थिति को देखते हुए अगले सप्ताह तक जल स्तर को खतरे के निशान के पार पहुंचने की आशंका जतायी जा रही है। वहीं वर्षा की अधिकता को देखते हुए शारदा नदी की तरह ही राप्ति, घाघरा जैसे नदियों पर भी नजर रखी जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / श.चन्द्र

Most Popular

To Top