Haryana

सिरसा: महिला सशक्तिकरण को और मजबूती प्रदान करेगी लाडो लक्ष्मी योजना: सुभाष बराला

सिरसा के नागरिक अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते राज्यसभा सांसद सुभाष बराला।

सिरसा, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की सोच को निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। इसी सोच को साकार रूप देते हुए आज दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत की गई है, जो महिला सशक्तिकरण को और मजबूत करने का काम करेगी। सुभाष बराला गुरुवार को सिरसा के नागरिक अस्पताल में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया। नागरिक अस्पताल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम के दौरान आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को कार्ड भी वितरित किए गए।

सांसद बराला ने कहा कि भारतीय संस्कृति सबसे प्राचीन व श्रेष्ठ संस्कृति है, जिसमें नारी को पूजनीय माना गया है। नवरात्रों के अवसर पर हरियाणा सरकार ने लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत कर माताओं व बेटियों को बड़ा सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि जिस समाज व देश में महिलाओं का सम्मान होता है, वह देश व समाज सशक्त रूप से आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में महिलाओं की आवश्यकताओं व आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाकर क्रियान्वित की जा रही है।

पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय की सोच अंत्योदय की थी, जिसका अर्थ है समाज की पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना। हरियाणा सरकार इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिस सपने का उल्लेख किया था, आज इस योजना के शुभारंभ से वह सपना साकार हुआ है और अंत्योदय की भावना को और जीवंत किया गया है। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेगा स्वास्थ्य जांच कैंप का भी आयोजन किया गया।

इस मौके पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत, डीएसपी आदर्शदीप सिंह, नगर परिषद के चेयरमैन शांति स्वरूप, जिलाध्यक्ष भाजपा सिरसा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, पूर्व विधायक मक्खन लाल सिंगला, जगदीश चोपड़ा, सुरेंद्र आर्य, गुरदेव राही, गोविंद कांडा, प्रदीप रातुसरिया, रोहताश जांगड़ा, राजेंद्र सिंह देसूजोधा आदि मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma

Most Popular

To Top