Haryana

जींद : खेल के लिए सरकार बना रही है नीतियां : कृष्ण बेदी

कबड्डी अंडर 17 विजेता टीम के कप्तान को सम्मानित करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी।

जींद, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । दो दिवसीय विद्या भारती उत्तर क्षेत्र 36वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता यहां संपन्न हुई। उचाना कलां के आचार्य महामंडलेश्वर महाराज धर्मार्थ न्यास परिसर में प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। समापन के अवसर पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी मंगलवार को मुख्यअतिथि के तौर पर पहुंचे। लड़कों की कबड्डी में हरियाणा के खिलाड़ी छाए रहे। तीनों वर्गों में टीम हरियाणा चैंपियन बनी। कबड्डी में लड़कों में अंडर 19 में हरियाणा की टीम पंजाब को हरा कर चैंपियन बनी। अंडर 17 में हरियाणा की टीम ने हिमाचाल को हरा कर पहला स्थान प्राप्त किया।

अंडर 14 में हरियाणा की टीम ने हिमाचाल को हरा कर पहला स्थान पाया। कृष्ण बेदी ने कहा कि खिलाड़ी खेल को खेल भावना से खेलें। खेल के माध्यम से विदेश, देश, प्रदेश में खिलाड़ी अपने क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेलों में विद्यार्थियों को हिस्सा लेना चाहिए। प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए निरंतर खेल नीतियां बना कर फायदा दिए जाने का काम सरकार कर रही है।

खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जा रहा है। खेलों में हरियाणा की पहचान पूरी दुनिया में है। खेल में हार-जीत होती है। जीत से बेशक कुछ सीखने को न मिले लेकिन हार से सीखने को जरूर मिलता है। हार की कमियों को ध्यान में रख कर उनमें सुधार कर भविष्य में बेहतर तैयारी कर जीत दर्ज की जा सकती है। जो खेलता है वो ही जीतता-हारता है। इसलिए खेल को खेल भावना से खेलें।

—————

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top