

अंबिकापुर/कोरिया, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ (ट्राईफेड) के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर ने बुधवार को कोरिया जिले की महिला युग फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को 71 हजार 275 रुपये मूल्य के ऑर्गेनिक उत्पादों की आपूर्ति का आदेश जारी किया है। यह कदम कोरिया जिले के महिला और जनजातीय उत्पादकों को प्रोत्साहित करने और उनके उत्पादों को राष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
क्षेत्रीय प्रबंधक पीएम खडाने के अनुसार, महिला युग कंपनी कुल 425 उत्पाद इकाइयाँ ट्राईफेड को सप्लाई करेगी। इन उत्पादों में सोनहनी शहद, मूंगफली तेल, करहानी और जीराफूल सुगंधित चावल, त्रिफला चूर्ण, हवन सामग्री, विभिन्न प्रकार के अचार और वंदना ब्रांड के मसाले शामिल हैं। सभी उत्पाद उच्च गुणवत्ता वाले होंगे और ट्राइब्स इंडिया लेबल के साथ तय समय सीमा के भीतर कार्यालय में उपलब्ध कराए जाएंगे।
कोरिया कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने कहा कि यह आदेश जिले की महिला उत्पादक संस्थाओं और जनजातीय समूहों के सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे महिला समूहों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और अन्य महिलाएँ भी समूहों से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगी।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे स्थानीय और पारंपरिक व्यवसायों को बढ़ावा मिलेगा, महिला समूहों का आर्थिक और सामाजिक स्तर मजबूत होगा और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुँचाने में मदद मिलेगी।
यह आदेश स्थानीय महिलाओं के आर्थिक आत्मनिर्भर बनने, उनके सशक्तीकरण और जनजातीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की ट्राईफेड की निरंतर पहल का हिस्सा है।
—————
(Udaipur Kiran) / पारस नाथ सिंह
