कोलकाता, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) ।कोलकाता में दुर्गापूजा का मौसम शुरू होते ही चारों ओर उत्सव का माहौल बन गया है। ऐसे में भक्तों और यात्रियों की सुविधा के लिए कोलकाता मेट्रो हर साल की तरह इस साल भी विशेष सेवा शुरू कर रही है। सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन मेट्रो पूरी रात चलेगी। मंगलवार को मेट्रो प्राधिकरण ने इसकी विस्तृत समय सारणी की घोषणा की।
ब्लू लाइन यानी दक्षिणेश्वर से शहीद खुदीराम तक पंचमी के दिन सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक मेट्रो चलेगी। षष्ठी को सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक सेवा उपलब्ध रहेगी। सप्तमी, अष्टमी और नवमी को दोपहर 1 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक हर 6–7 मिनट पर ट्रेनें मिलेंगी। जबकि दशमी के दिन दोपहर 1 बजे से रात 10 बजे तक हर 8 मिनट पर मेट्रो उपलब्ध होगी।
वहीं, ग्रीन लाइन यानी सेक्टर V से हावड़ा मैदान तक पंचमी के दिन अप दिशा में सुबह 7:30 से रात 11 बजे तक और डाउन दिशा में सुबह 7:44 से रात 11:16 बजे तक मेट्रो सेवा मिलेगी। षष्ठी को अप में सुबह 9 बजे से रात 11:28 बजे तक और डाउन में सुबह 9:02 से रात 11:20 बजे तक मेट्रो चलेगी। सप्तमी, अष्टमी और नवमी के दिन अप में दोपहर 1:30 से सुबह 4:06 बजे तक और डाउन में दोपहर 1:34 से सुबह 4:18 बजे तक मेट्रो की सुविधा रहेगी। दशमी के दिन अप दिशा में दोपहर 1 बजे से रात 10 बजे तक और डाउन में दोपहर 1:32 से रात 10:32 बजे तक सेवा जारी रहेगी।
इस तरह पूजा के मुख्य चार दिनों में कोलकाता मेट्रो की यह विशेष व्यवस्था यात्रियों को बिना किसी बाधा के पूरी रात पंडाल घूमने की सुविधा देगी।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
