
मंडी, 7 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । किसान कांग्रेस कमेटी जिला मंडी की बैठक ओम प्रकाश की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विशेष रूप से चेतराम ठाकुर, पूर्व अध्यक्ष मिल्क फेडरेशन हिमाचल प्रदेश, और हरेंद्र सेन, पूर्व अंतरिम अध्यक्ष जिला कांग्रेस मंडी, उपस्थित रहे। जिला मंडी के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के किसान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्षों के अलावा दीपक पठानिया, महासचिव प्रदेश किसान कांग्रेस, और उपेंद्र शर्मा, स्थाई सचिव, ने भी बैठक में भाग लिया।
बैठक में भारी वर्षा, बाढ़ और बादल फटने से मंडी जिले के किसानों को हुए नुकसान पर चर्चा की गई। इस दौरान फसलें नष्ट होने, बाग-बगीचे बह जाने और पशुधन के नुकसान के साथ-साथ कई लोगों के घर भी क्षतिग्रस्त होने की बात सामने आई। बैठक में प्रदेश सरकार और प्रशासन द्वारा प्रदान की गई मदद के लिए आभार व्यक्त किया गया। किसान कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों के ऋण माफ किए जाएं और जिनकी फसल और भूमि नष्ट हुई है, उन्हें उचित मुआवजा और राहत राशि प्रदान की जाए। साथ ही जिन लोगों के पास आवास बनाने के लिए भूमि नहीं रही, उन्हें भूमि उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। 13 अक्टूबर 2025 को स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री, की प्रतिमा का अनावरण रिज मैदान शिमला में किया जाएगा, जिसमें जिला मंडी के लगभग 200 किसान कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेंगे। इस अवसर पर “वोट चोर गद्दी छोड़” हस्ताक्षर अभियान के बारे में भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नाचन के अध्यक्ष भीखम राम, सदर मंडी के अध्यक्ष टेकचंद, बल्ह के अध्यक्ष प्रकाश चंद्र, सुंदरनगर के अध्यक्ष नीरज शर्मा, सरकाघाट के अध्यक्ष महेंद्र कुमार, द्रंग के अध्यक्ष गोविंद सिंह, सराज के अध्यक्ष गणेश चंद और विशन सिंह, बेगम राणा, संतोष कुमार, हेमराज, दौलत राम आदि उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र से राहुल कपूर को जिला किसान कांग्रेस का महासचिव और वीरेंद्र कुमार गुलेरिया को जिला किसान कांग्रेस का सचिव नियुक्त किया गया।
बैठक में जोर दिया गया कि किसान कांग्रेस प्रभावित किसानों के हितों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी और प्रदेश सरकार से उनके लिए समय पर राहत सुनिश्चित करने की मांग करेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
