Madhya Pradesh

देवास में 13 साल के छात्र की हत्या, चेहरे- हाथ और गले पर मिले धारदार हथियार से वार के निशान

देवास में  13 साल के छात्र की हत्या

देवास, 31 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के देवास जिले के सोनकच्छ थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक 13 वर्षीय बालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कराड़िया परी गांव के पास शव एक गोदाम के पास हार्वेस्टर मशीन के नीचे पड़ा था। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पाेस्टमार्टम के दौरान उसके चेहरे, हाथ और गले पर धारदार हथियार से वार के 17 निशान हैं। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों सहित देवास से एएसपी भी मौके पर पहुंचे। उधर रविवार सुबह सिविल अस्पताल सोनकच्छ में समय पर पीएम नहीं होने के कारण लोग आक्रोशित हो गए और जमकर नारेबाजी की। पाेस्टमार्टम रूम के बाहर ही लोगों ने धरना दिया और बीएमओ को हटाने की मांग की।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान वेदांश (13) पुत्र अरविंद सिंह झाला निवासी कराड़िया परी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वेदांश शनिवार शाम करीब 7 बजे घर पर गणेश जी की आरती में शामिल होने के बाद गांव के ही दूसरे पंडाल में गया था। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। इसके बाद परिजनों ने उसे ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिला। खोजबीन के बाद देर रात तकरीबन 11 बजे ग्रामीणों को उसका शव हार्वेस्टर के नीचे पड़ा मिला। उसके चेहरे पर भी धारदार हथियार से वार के निशान थे। शव मिलने की जानकारी मिलने पर हड़कंप मच गया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे, थाना प्रभारी आशीष राजपूत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। बाद में एएसपी देवास सिटी जयवीर सिंह भदौरिया भी मौके पर पहुंचे। पुलिस विभिन्न बिंदुओं को लेकर जांच कर रही है। बालक वेदांश कक्षा सातवीं में पढ़ता था और परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है घटना के बाद स्वजन सदमे में हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सोनकच्छ एसडीओपी दीपा मांडवे ने बताया कि घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top