
नई दिल्ली, 17 सितंबर (Udaipur Kiran News) । नई दिल्ली जिले स्थित पुलिस मुख्यालय के आदर्श ऑडिटोरियम में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने पुलिस आयुक्त सतीश गोल्चा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों की उपस्थिति में गुड सेमेरिटन (निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाला) को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों से बरामद खोए/चोरी हुए मोबाइल उनके असली मालिकों को लौटाए।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष अब तक दिल्ली पुलिस ने 6,432 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जिनमें से 3,589 फोन लोगों को सौंपे जा चुके हैं। आज के कार्यक्रम में 1,559 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए गए।
कार्यक्रम में उपराज्यपाल ने 13 गुड समेरिटन्स (जिनमें 3 महिलाएं शामिल थीं) को उनकी बहादुरी और निस्वार्थ सेवा के लिए सम्मानित किया। इन नागरिकों ने कई अवसरों पर अपराधियों को पकड़ने और पीड़ितों की मदद करने में अहम भूमिका निभाई। इसी अवसर पर 22 पुलिस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। जिन्होंने बड़ी संख्या में मोबाइल फोन की बरामदगी और उन्हें सही मालिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
