HEADLINES

खरगे ने सत्ताधारी दल पर मतदाता सूची में गड़बड़ी कराने का लगाया आरोप

राष्ट्र के नाम संदेश देते थे कांग्रेस अध्यक्ष

नई दिल्ली, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीतने के लिए मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी करा रहा है। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र के लिए सबसे बड़ी चुनौती बताया।

खरगे ने स्वतंत्रता दिवस पर एक संदेश में कहा कि भारतीय लोकतंत्र का आधार निष्पक्ष चुनाव है, जैसा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने 15 जून 1949 को संविधान सभा में स्पष्ट किया था। खरगे ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाया और आरोप लगाया कि ‘स्पेशल इंटेंसिव रिविजन’ के नाम पर विरोधी दल के वोट काटे जा रहे हैं। कई जीवित व्यक्तियों को मृत घोषित किया गया है। बिहार में 65 लाख वोट कटने पर सत्ताधारी दल को कोई आपत्ति नहीं है, जिससे स्पष्ट है कि इस प्रक्रिया का लाभ किसे पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने यह बताने से इनकार किया कि किन लोगों के और किस आधार पर वोट काटे जा रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ही आयोग ने मतदाता सूची सार्वजनिक की।

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि राहुल गांधी ने आंकड़ों के साथ साबित किया है कि किस प्रकार से एक लोकसभा सीट पर गड़बड़ी कर जीत हासिल की गई। अब ऐसे ही प्रमाण कई अन्य सीटों पर भी सामने आ रहे हैं, जहां अधिकांश विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को बढ़त थी, लेकिन एक क्षेत्र में भाजपा की बढ़त से कांग्रेस प्रत्याशी हार गए। उन्होंने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव परिणाम को लेकर भी आशंका जताई और कहा कि पार्टी इस पर बारीकी से अध्ययन कर रही है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की जांच करें। यह देखें कि किनके नाम काटे गए हैं, मृत घोषित किए गए हैं, स्थानांतरित किए गए हैं या एक ही पहचान पत्र को कई स्थानों पर जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव से एक दिन पहले अतिरिक्त सूची भेजी जाती है, जिसकी जांच का समय उम्मीदवारों के पास नहीं होता। खरगे ने कहा कि यह केवल चुनाव जीतने की नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र और संविधान को बचाने की लड़ाई है। राहुल गांधी 17 अगस्त से बिहार के सासाराम से ‘वोट अधिकार यात्रा’ शुरू करेंगे।

———

(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा

Most Popular

To Top