
लखनऊ,13 अगस्त (Udaipur Kiran) । मानसून सत्र के तीसरे दिन विधान परिषद में नियम 105 के अन्तर्गत समाजवादी पार्टी के सदस्यों द्वारा शिक्षा,स्वास्थ्य व बेरोजगारी से जुड़े विषयों पर दी गई सूचना पर नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने सदन को अवगत कराया। कई विषयों पर विपक्ष के सदस्य संतुष्ट भी हुए। भोजनावकाश के बाद विधान परिषद के दूसरे सत्र में विपक्षी सदस्यों ने तारांकित प्रश्न पूछे। इसके बाद तारंकित प्रश्नों का उत्तर भी नेता सदन केशव प्रसाद मौर्य ने दिया। केशव प्रसाद मौर्य ने विधान परिषद में ‘विकसित भारत– विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ पर बोलते हुए कहा कि विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश एक रथ के दो पहिए हैं। विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश हमारा लक्ष्य है। 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य है। इस दिशा में सभी लोग योगदान देने का काम करें।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजादी के तत्काल बाद विकसित भारत बनाने का लक्ष्य क्यों नहीं लिया गया। भ्रष्टाचार की अम्मा कांग्रेस ने अगर भ्रष्टाचार का रास्ता नहीं खोला होता तो देश बहुत पहले विकसित बन जाता।
नेता सदन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। दुनिया के सबसे अधिक देशों के सर्वोच्च सम्मान उन्होंने प्राप्त किया है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे अधिक समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकार्ड बनाया है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।
वहीं नेता विरोधी दल लाल बिहारी यादव ने भाजपा हवा में तीर मार रही है। इनके पास कोई डाक्यूमेन्ट है ही नहीं। इस पर चर्चा कर समय का दुरूपयोग किया जा रहा है। लाल बिहारी यादव ने कहा कि देश को भाजपा चला रही है। सरकारी नौकरियां खत्म की जा रही हैं। भाजपा सरकार ने किसानों को छलने का काम किया है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वायदा किया था। किसानों को यूरिया व डीएपी नहीं मिल रही है। किसान परेशान है। नेता विरोधी दल ने कहा कि भाजपा सरकार में ओबीसी व एससी को कहीं भी आरक्षण नहीं दिया। शिक्षा व्यवस्था की हालत खराब है। वित्त विहीन विद्यालयों के शिक्षक वेतन के लिए मोहताज हैं।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
