Uttar Pradesh

आपाताकाल जैसा दिन हमारी सरकार नहीं आने देगी : केशव प्रसाद माैर्य

Pratapgarh

–कांग्रेस की सरकार ने सत्ता बचाने के लिये संविधान का दुरूपयोग किया : उप मुख्यमंत्री

प्रतापगढ़, 25 जून (Udaipur Kiran) । प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को पुलिस लाइन हेलीपैड पहुॅचने पर मार्च पास्ट की सलामी ली। पुलिस लाइन परिसर में ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ से आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पौधरोपित किये।

आपातकाल दिवस के अवसर पर तुलसीसदन (हादीहाल) में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिये संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों व उनके आश्रितों के सम्मान में 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आपातकाल दिवस मनाया जा रहा है। उन्होने कहा कि 25 जून 1975 की आधी रात को तत्कालीन प्रधानमंत्री इन्दिरा गांधी ने आन्तरिक अशांति का बहाना बनाकर भारत पर आपातकाल थोप दिया। यह निर्णय किसी युद्ध या विद्रोह के कारण नहीं, बल्कि अपने चुनाव को रद्द किये जाने और सत्ता बचाने की हताशा में लिया गया। आज 50 वर्ष बाद भी कांग्रेस उसी मानसिकता के साथ चल रही है, आज भी नियत इनकी अच्छी नहीं है।

कांग्रेस सरकार ने कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका सहित लोकतंत्र के तीनों स्तम्भों को बंधक बनाकर सत्ता के आगे घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया था। प्रेस की स्वतंत्रता पर ऐसा हमला हुआ कि बड़े-बड़े अखबारों की बिजली काट दी गई, सेंसरशिप लगाई गई और पत्रकारों को जेल में डाल दिया गया। आपातकाल के समय जबरन पुरूषों की नसबन्दी कराने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान स्वतंत्र और अमर है हम अपने संविधान की हत्या करने नहीं देगें। कांग्रेस शासन में लोकतंत्र का ऐसा पतन हुआ कि जेलो में बन्द लोगों को अपने परिजनों की अंतिम क्रिया में शामिल होने तक की अनुमति नहीं दी गयी। जो संविधान बाबा साहेब अम्बेडकर ने जनता को अधिकार देने के लिये बनाया था कांग्रेस ने उसी को हथियार बनाकर जनता के अधिकार छीन लिये। आपातकाल के बुरे दिनों को कभी नहीं भुलाया जा सकता है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक भावना को मजबूत करने के लिये हर सम्भव प्रयास करें। 25 जून जैसा दिन हमारी सरकार आने नहीं देगी। कांग्रेस की सरकार ने सत्ता बचाने के लिये संविधान का दुरूपयोग किया। वर्ष 2014 से जब से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बने हैं वह संविधान की रक्षा कर रहे हैं और वर्ष 2017 में जब से डबल इंजन की सरकार बनी तब से काफी बदलाव हुये हैं। कहा कि हमारी सरकार बिना किसी भेदभाव के सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास के साथ कार्य कर रही है। डबल इंजन की सरकार बनाने में जनता का बहुत बड़ा योगदान है। बाबा साहब के संविधान की देन है कि आज देश में 50 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अभियान-2023 पारित होने विधानसभा व लोकसभा 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण दिया गया। हमारा संविधान विश्व का सर्वश्रेष्ठ संविधान है। उन्होने कहा कि महिलायें सभी क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहीं है। संविधान ने हमे अधिकार दिया है कि हम किसी भी स्तर का चुनाव होगा उस चुनाव में मतदान करके अपना प्रधान, नगर पंचायत अध्यक्ष, विधायक, सांसद चुनने का कार्य जनता कर सकती है।

विधायक सदर राजेन्द्र कुमार मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व विधायक धीरज ओझा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा अमरनाथ यादव ने आपातकाल पर अपने-अपने विचार व्यक्त किये। उप मुख्यमंत्री ने 19 लोकतंत्र सेनानियों व उनके आश्रितों को माला पहनाकर, अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया व सम्मान पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक धीरज ओझा, पवन गौतम महामंत्री व अंगद मौर्या, विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, जिला प्रभारी कौशलेन्द्र सिंह पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, पूर्व भाजपा जिलध्यक्ष हरिओम मिश्र, ओम प्रकाश त्रिपाठी, देवानन्द त्रिपाठी, जवाहर लाल श्रीवास्तव, स्वामी नाथ शुक्ला, के0के0 सिंह, विनोद पाण्डेय, पूर्व मंत्री शिवाकांत ओझा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजा अनिल प्रताप सिंह, पूर्व प्रत्याशी नागेश प्रताप सिंह छोटे सरकार, जिला महामंत्री राजेश सिंह, पवन गौतम व सतीश चौरसिया, कार्यक्रम संयोजक जिला उपाध्यक्ष राजेश मिश्र राजन व भाजपा मीडिया प्रभारी राघवेन्द्र शुक्ला व अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / दीपेन्द्र तिवारी

Most Popular

To Top