Maharashtra

जल्द खुलेगा कर्नाक फ्लाईओवर

मुंबई, 25 जून ( हि.स.)। दक्षिण मुंबई के यातायात के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाले कर्नाक रेलवे ओवर ब्रिज का काम पूरा हो चुका है। लोगों को इस ब्रिज के खुलने का बेसब्री इंतजार है। इसे यातायात के लिए खोलने के लिए मुंबई महानगरपालिका को सेंट्रल रेलवे की एनओसी मिलने की प्रतीक्षा है। एनओसी मिलते ही इस ब्रिज को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।

मस्जिद बंदर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर कर्नाक ब्रिज का निर्माण किया गया है। ब्रिज के खुलने के बाद सीएसएमटी, कालबादेवी, जेजे फ्लाईओवर, मोहम्मद अली रोड, एसवीपी रोड, वाडी बंदर जंक्शन, क्रॉफर्ड मार्केट, पी डी’मेलो रोड पर ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। इसके अलावा इस ब्रिज के माध्यम से ईस्टर्न फ्रीवे और अटल सेतु से होते हुए नवी मुंबई जाना आसान होगा। समय और ईंधन की बचत होगी। इस पुल से रोजाना 50,000 गाडयों के गुजरने का अनुमान है। इस महीने की शुरुआत में पुल का निर्माण कार्य पूरा हो गया था। मुंबई मनपा ने पुल को खोलने के लिए 10 जून की समय सीमा तय की थी। लेकिन बाद में यह तारीख बढ़ाकर 23 जून कर दी गई थी।

मनपा अधिकारियों के अनुसार यह पुल रेलवे ट्रैक के ऊपर से गुजरता है। इसलिए इसे रेलवे से मंजूरी की आवश्यकता है। रेलवे से एनओसी अगले दो दिनों में मिलने की संभावना है। इसके बाद पुल को खोल दिया जाएगा। पिछले सप्ताह ब्रिज पर लोड टेस्ट किया गया था। इसके बाद वीजेटीआई के विशेषज्ञों ने दौरा कर पुल की समीक्षा की थी। यातायात विभाग भी निरीक्षण कर चुका है। रेलवे से मंजूरी मिलने के बाद पुल को तुरंत खोल दिया जाएगा।

—————

(Udaipur Kiran) / वी कुमार

Most Popular

To Top