नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । संजय कपूर की 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग के मामले में करिश्मा कपूर के बच्चों ने कहा कि संजय कपूर का कथित वसीयतनामा फर्जी है, क्योंकि संजय कपूर अपने लिए महिला सर्वनाम (she) का उपयोग नहीं करते। जस्टिस ज्योति सिंह की बेंच इस मामले पर कल यानि 15 अक्टूबर को भी सुनवाई जारी रखेगी।
सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से पेश वकील महेश जेठमलानी ने कहा कि वसीयत लिखने वाले ने अपने बारे में she का इस्तेमाल किया है। संजय कपूर ऐसा नहीं कर सकते थे। यहां तक कि she का इस्तेमाल करने की कोई वजह भी नहीं बतायी गई है। जेठमलानी ने कहा कि वसीयत में चार बार she और her का उपयोग किया गया है। जेठमलानी ने कहा कि याचिकाकर्ता बच्चों की सौतेली मां प्रिया कपूर ने इस सवाल पर चुप्पी साध ली है कि वसीयतनामा किसने तैयार किया।
13 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से संजय कपूर के कथित वसीयतनामे के असली होने पर सवाल खड़े किए गए थे। करिश्मा कपूर के बच्चों समायरा और कियान राज की ओर से पेश वकील महेश जेठमलानी ने कहा था कि संजय कपूर के कथित वसीयत में कई खामियां है, जो संजय कपूर नहीं कर सकते हैं। संजय कपूर अपनी बेटी का पता भला गलत कैसे लिख सकते हैं। वसीयत में संजय कपूर के बेटे का नाम कई स्थानों पर गलत लिखा हुआ है। वसीयत संजय कपूर की गरिमा को ही गिराता है। करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से कहा गया कि संजय कपूर के संबंध समायरा और कियान राज से काफी अच्छे थे।
इसके पहले उच्च न्यायालय ने प्रिया कपूर को संजय कपूर की संपत्ति का पूर्ण विवरण दाखिल करने का निर्देश दिया था। करिश्मा कपूर ने अपने दोनों बच्चों के अभिभावक के रुप में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ किया। याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ कर उनकी पूरी संपत्ति पर अपना नियंत्रण चाहती हैं। यही वजह है कि संजय कपूर के वसीयत में करिश्मा कपूर के बच्चों को कोई हक नहीं दिया गया है।
संजय कपूर की वसीयत 21 मार्च 2025 की बतायी जा रही है। इस वसीयत के मुताबिक संजय कपूर की पूरी संपत्ति प्रिया कपूर की होगी। हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर ने इस वसीयत संजय कपूर की मौत के सात हफ्तों तक छिपाए रखा। वसीयत का खुलासा 30 जुलाई को तब किया गया जब एक पारिवारिक बैठक थी। बता दें कि संजय कपूर की मौत 12 जून को पोलो खेलने के दौरान विंडसर, ब्रिटेन में हो गई थी। याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने कहा है कि उनका संजय कपूर के काफी नजदीकी रिश्ता था और वे अक्सर छुट्टियों में जाकर उनसे मिलते थे। संजय कपूर अपने बच्चों को बेहतर भविष्य और वित्तीय सुरक्षा का हमेशा ही आश्वासन देते थे।
याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने मांग की है कि उन्हें संजय कपूर का प्रथम श्रेणी का उत्तराधिकारी घोषित किया जाए। संजय कपूर की संपत्ति में से उन्हें पांचवे हिस्से का अधिकार दिया जाए। याचिका में अंतरिम मांग की गई है कि याचिका के निस्तारण तक संजय कपूर के व्यक्तिगत संपत्तियों को फ्रीज किया जाए।
(Udaipur Kiran) /संजय
—————
(Udaipur Kiran) / प्रभात मिश्रा
