HEADLINES

करिश्मा कपूर के बच्चों ने हाई कोर्ट में दिवंगत पिता की कथित वसीयत पर सवाल उठाए

Delhi High Court (File photo)

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । संजय कपूर की 30 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग के मामले में करिश्मा कपूर के बच्चों ने संजय कपूर के कथित वसीयतनामे के असली होने पर सवाल खड़े किए हैं। करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से दायर याचिका पर दिल्ली उच्च न्यायालय कल यानि 14 अक्टूबर को भी सुनवाई करेगा।

करिश्मा कपूर के बच्चों समायरा और कियान राज की ओर से पेश वकील ने कहा कि संजय कपूर के कथित वसीयत में कई खामियां है, जो संजय कपूर नहीं कर सकते। संजय कपूर अपनी बेटी का पता भला गलत कैसे लिख सकते हैं। वसीयत में संजय कपूर के बेटे का नाम कई स्थानों पर गलत लिखा हुआ है। वसीयत संजय कपूर की गरिमा को ही गिराता है। करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से कहा गया कि संजय कपूर के संबंध समायरा और कियान राज से काफी अच्छे थे।

बतादें कि 09 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से संजय कपूर के वसीयत को फर्जी करार दिया गया था। सुनवाई के दौरान करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से पेश वकील महेश जेठमलानी ने संजय कपूर की संपत्तियों को तीसरे पक्ष को बेचने पर रोक लगाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि संजय कपूर एक सफल बिजनेसमैन थे। उन्होंने कहा कि संजय कपूर जैसा पढ़ा-लिखा व्यक्ति ऐसा वसीयत नहीं बना सकता है।

बतादें कि दिल्ली उच्च न्यायालय ने प्रिया कपूर को संजय कपूर की संपत्ति का पूर्ण विवरण दाखिल करने का निर्देश दिया था। करिश्मा कपूर ने अपने दोनों बच्चों के अभिभावक के रुप में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ किया। याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ कर उनकी पूरी संपत्ति पर अपना नियंत्रण चाहती हैं। यही वजह है कि संजय कपूर के वसीयत में करिश्मा कपूर के बच्चों को कोई हक नहीं दिया गया है।

संजय कपूर की वसीयत 21 मार्च 2025 की बतायी जा रही है। इस वसीयत के मुताबिक संजय कपूर की पूरी संपत्ति प्रिया कपूर की होगी। हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर ने इस वसीयत संजय कपूर की मौत के सात हफ्तों तक छिपाए रखा। वसीयत का खुलासा 30 जुलाई को तब किया गया जब एक पारिवारिक बैठक थी।

संजय कपूर की मौत 12 जून को पोलो खेलने के दौरान विंडसर, ब्रिटेन में हो गई थी। याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने कहा है कि उनका संजय कपूर के काफी नजदीकी रिश्ता था और वे अक्सर छुट्टियों में जाकर उनसे मिलते थे। संजय कपूर अपने बच्चों को बेहतर भविष्य और वित्तीय सुरक्षा का हमेशा ही आश्वासन देते थे।

याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने मांग की है कि उन्हें संजय कपूर का प्रथम श्रेणी का उत्तराधिकारी घोषित किया जाए और संजय कपूर की संपत्ति में से उन्हें पांचवे हिस्से का अधिकार दिया जाए। याचिका में अंतरिम मांग की गई है कि याचिका के निस्तारण तक संजय कपूर के व्यक्तिगत संपत्तियों को फ्रीज किया जाए।

(Udaipur Kiran) /संजय

—————

(Udaipur Kiran) / प्रभात मिश्रा

Most Popular

To Top