Delhi

कपिल मिश्रा ने सचदेवा के साथ कई छठ घाटों का किया निरीक्षण

दिल्ली में छठ घाटों का निरीक्षण करते मंत्री कपिल मिश्रा और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के कला, संस्कृति और भाषा मंत्री कपिल मिश्रा ने रविवार को वसुदेव घाट सहित कई छठ घाटों का निरीक्षण किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा अशोक नगर, कोंडली और त्रिलोक पुरी के छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान कपिल मिश्रा के साथ मौजूद रहे।

मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि कुछ घंटों में और तेजी से घाटों का समतलीकरण व निर्माण किया जा रहा है, सभी प्रशासनिक अमले रातदिन छठी मैय्या के उपासकों की सेवा में लगे हैं। कोंडली, त्रिलोकपुरी में जनता ने मांग रखी कि छठ पूजन के लिए अतिरिक्त घाटों का निर्माण किया जाए। उनकी मांग के मुताबिक अधिकारियों को कार्य पूरा करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।

कपिल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सरकार व संगठन दोनों साथ में मिलकर छठ महापर्व की व्यवस्था को सुनिश्चित करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साल तक यमुना में 5 किलोमीटर लंबा और 10 फुट ऊंचा झाग था लेकिन आज जमीन आसमान का अंतर है। उन्होंने कहा कि पिछले 7 सालों से पूर्वांचल के लोगों को घाटों पर पूजा नहीं करने दी गई, इन्होंने पूर्वांचल समाज के लोगों को जानकर प्रताड़ित किया था। यह उनका दर्द है कि वे जो 11 साल में नहीं कर पाए हैं, वह 7 महीनों में हो रहा है। पिछली सरकार में अरविंद केजरीवाल ने यमुना पर छठ पूजा बंद करके रखी थी और पूर्वांचलियों के ऊपर झूठे मुकदमे लगाए।

कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली में पहली बार 1300 से ज्यादा घाटों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है, जो पिछली सरकार 11 साल में नहीं कर पाई वो हमारी सरकार ने चंद महीनों में कर दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में करीब 1300 छठ घाट का निर्माण हो रहा है, किसी भी छठव्रती को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top