
देवी मंदिरों में हुए कई कार्यक्रम, मेहरानगढ़ में हवन की पूर्णाहुति
जोधपुर, 01 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । देवी आराधना का पर्व शारदीय नवरात्रा बुधवार को संपन्न हो गया। इस दौरान घरों व अन्य कई स्थानों पर दुर्गा मां की प्रतिमाओं का जैकारों के साथ जलसरोवरों में विसर्जन किया गया। महानवमी पर भी कई स्थानों पर कन्या पूजन किया गया। पूजन के बाद सभी कन्याओं को प्रसादी व उपहार भेंट किए गए। वहीं मेहरानगढ़ में चल रहे हवन की पूर्णाहुति की गई।
शारदीय नवरात्र पर अभिजीत काल में देवी मां की प्रतिमाओं को आज महानवमी पर जल सरोवरों में विसर्जन किया गया। इसके साथ ही नवरात्रा भी संपन्न हो गया। महानवमी पर सुबह भक्तों ने शहर के देवी मंदिरों में दर्शन किए। यहां दिनभर पूजा अर्चना का दौर जारी रहा। नवरात्रा के व्रत का आखिरी दिन होने से महिलाओं में अधिक उत्साह नजर आया। बच्चे और पुरूष भी मंदिरों में दिखाई दिए। पूजा अर्चना के बाद प्रसादी का वितरण हुआ। इस अवसर पर देवी मंदिरों में कई धार्मिक अनुष्ठान भी हुए।
हिंगलाज माता मंदिर में कन्या पूजन :
शहर से 15 किलोमीटर दूर रामराज्य नगर में रिछा भाखर पर स्थित 300 साल पुराने हिंगलाज माता मंदिर में बुधवार को शारदीय नवरात्रा के नवमी पर कन्याओं व भैरव का पूजन किया गया। इस पूजन में 2 से 10 वर्ष तक की कन्याओं को देवी दुर्गा के 9 रूप में पूजा गया। मण्डल महंत सर्वानन्दगिरी महाराज ने बताया कि शारदीय नवरात्रा पर मंदिर परिसर में 9 दिन तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम और अनुष्ठान किए गए। आज नवमी पर 51 कन्याओं एवं 5 भैरव का पूजन किया गया। कन्या पूजन में कन्याओं का स्वागत करके, पैर धोकर, तिलक लगा कर, भोजन कराकर और दक्षिणा और उपहार देकर सम्मान किया गया।
मुस्कान ग्रुप द्वारा शक्ति का प्रतीक, जगत का कल्याण व रक्षा करने वाली मां दुर्गा की आराधना कर उनके प्रतिरूप कन्याओं का महा नवमी के अवसर अशोक उद्यान के सामने स्थित भवानी आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों में कन्याओं का चरण पखारने के पश्चात पूजन कर उनसे विश्व शांति और कल्याण के आशीर्वाद लिया गया।
श्री चामुंडा मंदिर के पास उपासनालय कक्ष में मंगलवार रात को शुरू हुए होमाष्टमी हवन की पूर्णाहुति आज सुबह पूर्व नरेश गजसिंह और हेमलता राज्ये की ओर से की गई। श्री चामुण्डा मंदिर में सुबह गजसिंह एवं हेमलता राज्ये द्वारा महाआरती की गई। साथ ही गज सिंह की तिलक आरती भी हुई।
महानवमी पर शहर के सभी देवी मंदिरों में आकर्षक फूल मंडली सजाई गई। माताजी का थान स्थित चामुंडा माता के मंदिर में सुबह से ही भीड़ पडनी शुरू हो गई थी। यहां रंग-बिरंगे फूलों से आकर्षक साज-सज्जा की गई। मेहरानगढ़ दुर्ग स्थित चामुंडा माता के मंदिर में भी नवरात्रा का अंतिम दिन होने से भक्तों की अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़ अधिक थी। संतोषी माता के मंदिर में भी दर्शनों के लिए भक्तों की लाइन लगी रही। इसके अलावा उम्मेद उद्यान स्थित मंदिर में भी फूल मंडली सजाई गई।
(Udaipur Kiran) / सतीश
