Jharkhand

हमारी चुनावी प्रक्रिया को विश्व देख रहा शक की निगाह से : कमलेश

केशव महतो कमलेश की फाइल फोटो

रांची, 12 अगस्त (Udaipur Kiran) । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा है कि भारत का लोकतंत्र हमारे संविधान की नींव पर टिका है। हमारे संविधान में एक व्यक्ति एक वोट का अधिकार दिया गया है। संविधान निर्माताओं ने परिकल्पना की थी कि भारत के नेतृत्वकर्ता को चुनने में सबको समान अधिकार है। लेकिन इस अधिकार की चोरी भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि लोकतंत्र में वोट का अधिकार जनता को सबसे ज्यादा ताकत देता है।

यह ताकत वोट चोरी से जनता से छीनी जा रही है। वोट की चोरी से भाजपा देश में सत्ता हासिल कर रही है।

उन्होंने कहा कि विपक्ष की ओर से सवाल उठाने पर नेताओं को हिरासत में लिया जा रहा है।

उन्‍होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबूत के साथ वोट चोरी का खुलासा किया, लेकिन चुनाव आयोग शपथ पत्र मांग रहा है लोकतंत्र का इससे बड़ा मजाक नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि भारत के चुनावी प्रक्रिया की पूरे विश्व में मिसाल दी जाती थी। लेकिन आज हमारी चुनावी प्रक्रिया को विश्व जगत शक की निगाह से देख रहा है।

कमलेश ने कहा कि चुनाव आयोग अगर निष्पक्ष है तो इलेक्ट्रॉनिक वोटर लिस्ट जारी करे और मतदान का सीसीटीवी फुटेज जारी करे। ताकी जनता का भरोसा चुनाव पर कायम रह सके।

उन्होंने कहा कि साफ सुथरी वोटर लिस्ट स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की नींव है। यह जनता का हक है लेकिन इस हक पर डाका डाला जा रहा है। चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था चोरी में अग्रिम भूमिका निभा रही है। कमलेश ने कहा कि इस वोट चोरी के खिलाफ जनता को खड़ा होना होगा। भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए संघर्ष करना होगा। वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी ने जो युद्ध छेड़ा है उसे निर्णायक मोड़ पर पहुंचाना है। देश में निष्पक्ष चुनाव पूरी तरह संदेह के घेरे में आ गया है। भाजपा के शासनकाल में संवैधानिक संस्थाएं कैद कर ली गई हैं। चंद लोगों के सहारे देश की शासन व्यवस्था तानाशाही कानून से चल रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Most Popular

To Top