Jharkhand

कैलाशपति मिश्र ने जनसंघ काल से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया : बाबूलाल

माल्यार्पण करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सहित अन्य
माल्यार्पण करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी

रांची, 05 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता, कुशल संगठनकर्ता और पूर्व राज्यपाल दिवंगत कैलाशपति मिश्र की जयंती रविवार को प्रदेश भाजपा की ओर से मनाई गई।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने बिरसा चौक के समीप स्थित दिवंगत कैलाशपति मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि दिवंगत कैलाशपति मिश्र विशाल व्यक्तित्व एवं कृतित्व के धनी थे। जनसंघ काल से ही उन्होंने झारखंड के सघन जंगल क्षेत्र में पार्टी की विचारधारा को जन जन तक पहुंचाया। भाजपा का झारखंड में मजबूत जनाधार खड़ा करने, कार्यकर्ताओं को गढ़ने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि कैलाशपति मिश्र ने संगठनकर्ता, राजनेता, मंत्री और राज्यपाल जैसे संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन भी कुशलता और ईमानदारी से किया।

भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने कैलाशपति मिश्र को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व और कृतित्व झारखंड के भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए एक पाथेय है। पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा और समर्पण हजारों कार्यकर्ताओं के लिए अनुकरणीय है।

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि कैलाशपति मिश्र एक कुशल संगठन कर्ता रहे। उन्होंने अभाव में भी पार्टी के कार्यों और विचारों को धरातल पर उतारा। वे सच्चे कर्मयोगी थे।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में वरिष्ठ नेता सुबोध सिंह गुड्डू, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, महामंत्री बलराम सिंह और जितेंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में रांची महानगर के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top