
सोनीपत, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । हरियाणा के दीनबंधु छोटू राम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल की पुरुष कबड्डी टीम 11 अक्टूबर तक गलगोटिया विश्वविद्यालय, नोएडा में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भाग लेगी। कुलगुरु प्रो. प्रकाश सिंह ने बुधवार को खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कुलगुरु प्रो. सिंह ने बुधवार
को कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी प्रोत्साहन
दे रहा है। देश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, यही कारण है कि हमारे खिलाड़ी
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां भी
आज बेटों से कम नहीं हैं, वे भी खेल के क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा रही हैं।
उन्होंने
कहा कि देश और समाज के विकास में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
खेल न केवल
शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक हैं, बल्कि मानसिक, बौद्धिक और सामाजिक विकास में
भी सहायक हैं। नियमित खेलकूद से शरीर में चुस्ती, सहनशक्ति और ताकत बढ़ती है, जिससे
व्यक्तित्व में आत्मविश्वास आता है। प्रो.
सिंह ने कहा कि खेल अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और समय प्रबंधन सिखाते हैं। टीम आधारित
खेल जैसे कबड्डी, हॉकी, फुटबॉल और क्रिकेट युवाओं में सामूहिकता और सहयोग की भावना
विकसित करते हैं। इससे रणनीतिक सोच और निर्णय क्षमता भी बढ़ती है।
उन्होंने
कहा कि खेलों में भागीदारी तनाव कम करती है और युवाओं को जीवन की चुनौतियों से जूझने
की शक्ति देती है। शिक्षा के साथ खेलों को समान महत्व देना युवाओं के सर्वांगीण विकास
के लिए आवश्यक है।
विश्वविद्यालय
की कबड्डी टीम खेल निदेशक डॉ. बिरेंद्र सिंह हुड्डा के निर्देशन में रवाना हुई। चयनित
खिलाड़ियों में साहिल, सौरभ, अभिषेक, शुभम, सुमित, यश चौहान, ऋतिक भारद्वाज, सचिन कुमार,
मासूम मलिक, हर्ष भारद्वाज, गौरव जून, सोनू और कार्तिक शामिल हैं।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
