West Bengal

पश्चिम मेदिनीपुर : भाजपा दफ़्तर में दो नेताओं के बीच जूतम पैजार

पश्चिम मेदिनीपुर, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । पश्चिम मेदिनीपुर ज़िले के खड़गपुर में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में पार्टी के दो स्थानीय नेताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। महिला पार्षद ममता दास और भाजपा नेता अशोक सिंह के बीच हुई इस घटना का वीडियो रविवार को वायरल हो गया है। (हिंदुस्थान समाचार वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।)

आरोप है कि खड़गपुर नगरपालिका के 31 नंबर वार्ड की पार्षद ममता दास ने अशोक सिंह से विवाद के दौरान उन्हें जूते से पीटा। वीडियो में दिख रहा है कि अशोक रोकने की कोशिश करते हैं, लेकिन ममता दो बार उन्हें जूते से मारती हैं। अशोक भी गुस्से में अपना जूता उतारते हैं, लेकिन कैमरा देखकर वापस रख लेते हैं। वीडियो में उन्हें कहते सुना गया, “देखिए, मुझे चप्पल से कैसे मारा जा रहा है। अब मैं पुलिस को बुलाता हूं।”

अशोक सिंह का आरोप है कि पार्षद ने एक वार्ड निवासी से सड़क किनारे चाउमिन की दुकान लगाने के नाम पर 10 हज़ार रुपये की मांग की। उन्होंने इसका विरोध किया तो ममता दास ने अपने समर्थक के साथ पार्टी दफ़्तर में उन पर हमला किया। अशोक ने ऐलान किया कि वह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराएंगे और पार्टी नेतृत्व को भी पूरे मामले की जानकारी देंगे।

ममता दास ने पलटवार करते हुए कहा कि पहले अशोक ने उन पर हाथ उठाया और गाली-गलौज की। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोक अक्सर उनके खिलाफ युवकों को भड़काते हैं। ममता का कहना था, “जरूरत पड़े तो फिर मारूंगी। अशोक को मैं भाजपा का नेता मानती ही नहीं। वह समाजविरोधी है। न भाजपा और न तृणमूल—कोई भी दल उसे स्वीकार नहीं करता।”

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top