HEADLINES

इतिहास के पन्नों में 26 जूनः संयुक्त राष्ट्र के घोषणा पत्र पर 50 देशों ने किए हस्ताक्षर

संयुक्त राष्ट्र की पहली बैठक। फोटो-यूएन मल्टीमीडिया

देश-दुनिया के इतिहास में वैसे तो हर तारीख का अहम स्थान है। मगर 26 जून की तारीख का संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में खास महत्व है। संयुक्त राष्ट्र के वैश्विक महत्व, युद्ध को टालने में उसकी भूमिका, कमजोर देशों को दी जाने वाली सहायता और शांति स्थापना में उसके योगदान से सभी वाकिफ हैं। यह अंतरराष्ट्रीय संगठन औपचारिक रूप से 24 अक्टूबर 1945 को वजूद में आया, लेकिन इसके घोषणापत्र को उसी वर्ष 26 जून को स्वीकार कर लिया गया था और इसपर 50 देशों के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर किए थे। आने वाली पीढ़ियों को युद्ध की आग से बचाना और हर परिस्थिति में मानव अधिकारों की रक्षा करना इस संगठन के प्रारंभिक दायित्वों में शामिल थे। वक्त गुजरने के साथ साथ संगठन के कार्य और दायित्वों का विस्तार होता चला गया। आज दुनिया के लगभग सभी देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले इस संगठन का मुख्यालय न्यूयार्क में है।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1498: चीन में पहला टूथ ब्रश बनाया गया। आधुनिक टूथ ब्रश के पहले मॉडल को चीन के राजा ने पेटेंट कराया था।

1714: स्पेन और नीदरलैंड ने व्यापार एवं शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए।

1945: सैन फ्रांसिस्को में 50 देशों ने संयुक्त राष्ट्र घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर किए।

1949: बेल्जियम के संसदीय चुनाव में पहली बार महिलाओं को मतदान का अधिकार मिला।

1976: कनाडा के टोरंटो में सीएन टॉवर को जनता के लिए खोला गया। 1,815 फुट की यह इमारत उस समय दुनिया की सबसे ऊंची इमारत थी।

1982: एयर इंडिया का पहला बोइंग विमान ‘गौरीशंकर’ बम्बई (अब मुंबई) में दुर्घटनाग्रस्त।

1992ः भारत ने ‘तीन बीघा गलियारा’ 999 वर्ष के लिए बांग्लादेश को पट्टे पर दिया।

1999ः अमेरिकी ऊर्जा विभाग के हथियार कार्यक्रम के प्रमुख विक्टर रीस का इस्तीफा।

1999ः बुडापेस्ट (हंगरी) में विश्व विज्ञान सम्मेलन की शुरुआत।

2000: बांग्लादेश को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल की पूर्ण सदस्यता प्रदान की गई।

2004ः पाकिस्तान के प्रधानमंत्री जमाली का इस्तीफा। शुजात हुसैन नए कार्यवाहक प्रधानमंत्री बने।

2008ः बहुराष्ट्रीय कंपनी रियोरिटो ने मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में हीरा खनन के लिए खनिज पट्टा माइनिंग लीज हासिल कर बंदर डायमंड प्रोजेक्ट शुरू करने की घोषणा की।

जन्म

1873ः भारतीय गायिका और नर्तकी गौहर जान।

1838ः बांग्ला उपन्यासकार बंकिमचंद्र चटर्जी।

1967ः जैन धर्म के भारतीय दिगम्बर पंथ के मुनि तरुण सागर।

1969ः भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीयमंत्री धर्मेन्द्र प्रधान।

निधन

2001ः भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस के सह संस्थापक गोपाल रामानुजम।

2004ः मशहूर भारतीय फिल्म निर्माता यश जौहर।

महत्वपूर्ण दिवस

-नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं उनकी तस्करी के विरुद्ध विश्व दिवस

—————

(Udaipur Kiran) / मुकुंद

Most Popular

To Top