
देश-दुनिया के इतिहास में 21 जून की तारीख तमाम अच्छी और खराब घटनाओं के रूप में दर्ज है। इस तारीख ने पिछले कुछ ही बरस में इतिहास में एक महत्वपूर्ण स्थान हासिल कर लिया है। अन्य तमाम घटनाओं के अलावा 21 जून की तारीख 2015 में प्रथम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में इतिहास में तब दर्ज हुई जब भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का आह्वान किया। देखते ही देखते दुनिया के तमाम देश इस मुहिम में शामिल हो गए। अब भारत सहित दुनिया भर में 21 जून को योग दिवस का त्योहार मनाया जाता है। सभी इसमें बढ़ चढ़कर हिस्सा लेते हैं। 21 जून की खासियत है कि यह वर्ष के 365 दिन में सबसे लंबा दिन होता है और योग के निरंतर अभ्यास से व्यक्ति को लंबा जीवन मिलता है। इसलिए इस दिन को योग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय किया गया।
भारत में मुख्य राष्ट्रीय समारोह 21 जून को सुबह 6.30 से 7.45 बजे तक आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटनमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत राजस्थान के जोधपुर स्थित ऐतिहासिक मेहरानगढ़ किले में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे। देशभर में एक लाख से अधिक स्थानों पर एक साथ योग दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ है।
योग दिवस समारोह आयोजित करने वाले कुछ प्रतिष्ठित स्थानों में शामिल हैं- यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल जैसे चराइदेव मैदान (असम), रानी की वाव और धोलावीरा (गुजरात), हम्पी और पट्टाडकल (कर्नाटक), खजुराहो स्मारक समूह और सांची स्तूप (मध्य प्रदेश), कोणार्क में सूर्य मंदिर (ओडिशा), एलिफेंटा गुफाएं (महाराष्ट्र), और तंजावुर (तमिलनाडु) में बृहदेश्वर मंदिर।
इसके अलावा, गोलकुंडा किला और सालारजंग संग्रहालय (हैदराबाद), हुमायूं का मकबरा, पुराना किला और सफदरजंग मकबरा (दिल्ली), जलियांवाला बाग (अमृतसर), चित्तौड़गढ़ और कुंभलगढ़ किले (राजस्थान), लेह पैलेस (लद्दाख), परी महल (श्रीनगर), बेकल किला (केरल) तथा हजारद्वारी और कूच बिहार महल (पश्चिम बंगाल) आदि अन्य प्रमुख सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों में भी योग दिवस पर समारोह आयोजित किए जाएंगे।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1756: जॉन जेड हॉलवेल के नेतृत्व वाली अंग्रेज सैन्य टुकड़ी के बंगाल के नवाब सिराजउद्दौला के समक्ष आत्मसमर्पण के बाद 146 अंग्रेजों को एक कमरे में बंद किया गया। उनमें से 123 की मौत।
1862: ज्ञानेंद्र मोहन टैगोर ‘लिंकन्स इन’ से वकालत की डिग्री हासिल करने वाले प्रथम भारतीय बने।
1898: अमेरिका ने स्पेन को हराकर गुआम पर कब्जा किया।
1948: सी. राजगोपालाचारी भारत के गवर्नर जनरल बने। वह देश के अंतिम गवर्नर जनरल थे।
1975: वेस्टइंडीज ने पहला क्रिकेट विश्व कप जीता।
1991ः पीवी नरसिम्हाराव भारत के नौंवे प्रधानमंत्री बने।
1999ः कोसोवो लिबरेशन आर्मी और कोसोवो शांति सैनिक बल के बीच विसैन्यीकरण समझौता।
2001ः पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने आतंकवादी विरोधी कानून बहाल किया।
2002ः यूरोपियन यूनियन के 15 राष्ट्राध्यक्षों की सेविलिया (स्पेन) में बैठक शुरू।
2003: जेके रोलिंग की पांचवी किताब हैरी पॉटर एंड द ऑर्डर ऑफ द फीनिक्स जारी।
2004ः चीन ने भारत और पाकिस्तान वार्ता का समर्थन किया।
2005ः डोनाल्ड त्यांग हांगकांग के नए प्रशासक बने।
2008ः फिलिपींस में विनाशकारी तूफान फेंगसेन की चपेट में आने से सैकड़ों लोगों की मृत्यु।
2009ः भारत की बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल सुपर सीरीज बैडमिंटन टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।
2012: ऑस्ट्रेलिया जा रही नौका डूबने से 90 शरणार्थियों की मौत।
2015: पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। संयुक्त राष्ट्र में भारत की पहल पर दुनिया के लगभग सभी देश स्वस्थ रहने के लिए योग के प्रसार की इस मुहिम में शामिल हुए।
जन्म
1912ः प्रसिद्ध हिन्दी साहित्यकार विष्णु प्रभाकर।
1927ः रेमन मैग्सेसे पुरस्कार सम्मनित वरिष्ठ पत्रकार बीजी वर्गीज ।
1933ः भारत के प्रसिद्ध लेखक मुद्राराक्षस (सुभाष चंद्र आर्य)।
1967ः थाईलैंड की प्रथम महिला प्रधानमंत्री यिंगलक शिनावात्रा ।
1987ः माउंट एवरेस्ट को फतह करने वाली पहली भारतीय आदिवासी युवती विनीता सोरेन।
निधन
1970ः इंडोनेशिया के प्रथम राष्ट्रपति सुकर्णो।
2020ः उत्तराखंड के प्रमुख लोकगायक जीत सिंह नेगी।
2020ः क्रिकेट में गेंदबाज के रूप में चर्चित राजिंदर गोयल।
महत्वपूर्ण दिवस
-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस।
-विश्व संगीत दिवस।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद
