
हिन्दी सिनेमा के इतिहास में प्राण (असल नाम कृष्ण सिकंदर) को कभी भुलाया नहीं जा सकता। ‘हिन्दी फिल्मों में प्राण’ का होना अपने आप में बहुत बड़ी बात होती थी। वो ऐसे विलेन रहे, जिन्होंने एक दौर में हीरो से ज्यादा फीस ली। 12 फरवरी, 1920 को जन्मे प्राण की पुण्य तिथि (12 जुलाई, 2013) पर उन्हें कौन नहीं याद करना चाहेगा। प्राण ने अपने जीवनकाल में लगभग 300 से अधिक फिल्में कीं।
उन्हें विलेन ऑफ द मिलेनियम भी कहा गया। वह सिल्वर स्क्रीन पर खलनायक के रूप में सबसे ज्यादा मशहूर हुए। बावजूद इसके असल जिंदगी में वह दोस्ती निभाने वाले बहुत ही प्यारे इंसान रहे। 1949 की फिल्म जिद्दी में उनके अभिनय को खूब सराहा गया। इसी फिल्म ने उन्हें हिन्दी सिनेमा में स्थापित किया। यह फिल्म उन्हें लेखक शहादत हसन मंटो की सहायता से मिली थी। इसके बाद प्राण ने ‘आजाद’, ‘मधुमती’, ‘देवदास’, ‘राम और श्याम’, ‘आदमी’, ‘मुनीमजी’, ‘अमरदीप’, ‘जॉनी मेरा नाम’, ‘वारदात’, ‘देस-परदेस’ जैसे कई हिट फिल्में कीं।
साल 1960-1982 के दौर में प्राण सबसे ज्यादा चर्चित विलेन (खलनायक) के रूप में सामने आए। इस समय वह हीरो से ज्यादा फीस लेते थे। ऐसा कहा जाता है कि प्राण और राजेश खन्ना को लेकर कोई निर्माता फिल्म बनाने की नहीं सोचता था, क्योंकि दोनों की फीस को वहन करना बहुत मुश्किल था। अमिताभ बच्चन के करियर में ‘जंजीर’ अहम फिल्म है। यह फिल्म अमिताभ को प्राण के कहने पर मिली थी। प्राण ने अमिताभ से दोस्ती के कारण ही इस फिल्म में शेर खान का किरदार निभाया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और प्राण का निभाया शेर खान का किरदार खूब लोकप्रिय हुआ। साथ ही अमिताभ को जंजीर ने स्थापित कर दिया। प्राण चरित्र अभिनेता के रूप में भी लोकप्रिय हुए हैं। फिल्म उपकार में प्राण ने मंगल चाचा का किरदार निभाया। इसके बाद तो उनकी छवि ही बदल गई। लोग उन्हें नए अवतार में भी पसंद करने लगे।
महत्वपूर्ण घटनाचक्र
1290ः इंग्लैंड के सम्राट एडवर्ड प्रथम के आदेश पर यहूदियों को देश से बाहर निकाला गया।
1346ः लक्जमबर्ग के चार्ल्स चतुर्थ को रोमन साम्राज्य का शासक नियुक्त किया गया।
1673ः नीदरलैंड और डेनमार्क के बीच रक्षा संधि पर हस्ताक्षर।
1690ः विलियम ऑफ ऑरेंज के नेतृत्व में प्रोटेस्टेंटों ने रोमन कैथोलिक सेना को पराजित किया।
1801ः अल्जीसिरास की लड़ाई में ब्रिटेन ने फ्रांस और स्पेन को पराजित किया।
1823ः भारत में निर्मित प्रथम वाष्प इंजन युक्त जहाज डायना का कलकत्ता (अब कोलकाता) में जलावतरण।
1862ः अमेरिकी कांग्रेस ने मेडल ऑफ ऑनर को प्राधिकृत किया।
1912ः क्वीन एलिजाबेथअमेरिका में प्रदर्शित होने वाली पहली विदेशी फिल्म बनी।
1918ः टोकायाम की खाड़ी में जापानी युद्धपोत में विस्फोट में 500 लोगों की मौत।
1935ः बेल्जियम ने तत्कालीन सोवियत संघ को मान्यता दी।
1949ः महात्मा गांधी की हत्या के बाद आरएसएस पर लगाए गए प्रतिबंध को सशर्त हटाया गया।
1957ः अमेरिकी सर्जन लेरोय इ बर्नी ने बताया कि धूम्रपान और फेफड़े के कैंसर में सीधा संबंध होता है।
1960ः भागलपुर और रांची यूनिवर्सिटी की स्थापना।
1970ः अलकनंदा नदी में आई भीषण बाढ़ ने 600 लोगों की जान ली।
1990: प्रसिद्ध सोवियत नेता और रूसी संसद के अध्यक्ष बोरिस येल्तसिन ने सोवियत कम्युनिस्ट पार्टी से इस्तीफा दिया।
1994ः फिलिस्तीनी मुक्ति संगठन के अध्यक्ष यासर अराफात 27 वर्ष का निर्वासित जीवन गुजारने के बाद गाजा पट्टी आये।
1998: फ्रांस और ब्राजील के बीच हुए फुटबॉल विश्वकप के फाइनल को कुल 1.7 अरब लोगों ने देखा।
2001: अगरतला से ढाका के बीच मैत्री बस सेवा की शुरुआत।
2006ः इजराइल ने अपने दो सैनिकों के बंधक बनाए जाने के बाद लेबनान पर हमला किया।
2012ः नाइजीरिया के ओकिबी में एक टैंक ट्रक में विस्फोट। 100 से अधिक लोग मारे गए।
2020ः रेलवे ने पहली बार आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले से सूखी मिर्ची विशेष पार्सल ट्रेन से पड़ोसी देश बांग्लादेश तक पहुंचाई।
जन्म
1997: नोबेल पुरस्कार से सम्मानित पाकिस्तान की मलाला युसुफजई।
निधन
2012ः मशहूर पहलवान और अभिनेता दारा सिंह।
2013ः हिन्दी फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता प्राण।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद
