Haryana

यमुना नदी की सफाई के लिए संयुक्त समिति गठित, 16 हजार मीट्रिक टन कचरा निकाला गया

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी यमुना स्वच्छता के मुद्दे पर बैठक में भाग लेते हुए

-केंद्रीय जल शक्ति मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री

चंडीगढ़, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गंगा की तर्ज पर यमुना नदी को भी स्वच्छ बनाने के लिए सीडब्ल्यूसी, हरियाणा सरकार और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की एक संयुक्त समिति गठित की जाएगी। यह समिति यमुना नदी की सफाई के साथ-साथ इससे संबंधित अन्य समस्याओं के समाधान पर भी कार्य करेगी।

मुख्यमंत्री बुधवार को नई दिल्ली के श्रम शक्ति भवन में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में ’’इंटर स्टेट कॉर्डिनेशन रिलेटेड टू यमुना वाटर रेजुविनेशन’’ को लेकर आयोजित बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। बैठक में केन्द्रीय शहरी आवास एवं ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यमुना नदी की स्वच्छता के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। नदी में गिरने वाले गंदे पानी के नालों को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के माध्यम से स्वच्छ करके नदी में प्रवाहित करने की प्रक्रिया को गति प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना नदी की सफाई के अभियान के तहत अब तक 16 हजार मीट्रिक टन कचरा निकाला जा चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करनाल जिले के पल्ला गांव से यमुना नदी में गिरने वाली ड्रेन का बीओडी स्तर 80 है। इस पानी को और अधिक स्वच्छ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद के ओखला में यमुना नदी के पानी के बीओडी स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इसकी गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए 44 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं, जिनसे प्रतिदिन लगभग 620 एमएलडी पानी शुद्ध किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, 510 एमएलडी पानी को स्वच्छ बनाने के लिए 9 और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रदूषित पानी सीधे रूप से यमुना नदी में न डाला जाए। उन्होंने कहा कि नजफगढ़ झील व ड्रेन की भी मॉनिटरिंग करने के लिए दिल्ली व हरियाणा के प्रतिनिधियों व विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी तथा हरियाणा के उद्योगों से निकलने वाले दूषित पानी के बीओडी लेवल की भी जांच की जाएगी। बैठक में केंद्रीय सचिव देवश्री मुखर्जी, दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेन्द्र कुमार, हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव विनित गर्ग, अतिरिक्त मुख्य सचिव सिंचाई विभाग अनुराग अग्रवाल सहित सिंचाई एवं पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top