
जींद, 19 जून (Udaipur Kiran) । फतेहाबाद परिचालक के साथ मारपीट करने वाले आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने के रोष स्वरूप जींद डिपो ने भी शुक्रवार को रोडवेज बसों का चक्का जाम का ऐलान किया है। रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने चेताया कि सुबह चार बजे से ही बसों के पहिए थम जाएंगे और डिपो की 170 बसें किसी भी रूट पर नहीं जाएंगी। अगर सरकार ने आरोपितों की गिरफ्तारी में देरी की तो ये चक्का जाम आगे भी बढ़ाया जा सकता है। रोडवेज बसों का चक्का जाम हुआ तो यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
सांझा मोर्चा के राज्य नेता अनूप लाठर, संदीप रंगा, राममेहर रेढू, जितेंद्र लाठर, नितिश, देवेंद्र, विजेंद्र ने गुरूवार को बताया कि 16 जून को हरियाणा राज्य परिवहन फतेहाबाद डिपो की एक बस हरिद्वार से फतेहबाद आ रही थी। बस जब हिसार बस अड्डे पर पहुंची तो सवारियों के साथ कुछ लड़के भी बस में बैठ गए। जब कंडक्टर कृष्ण कुंडू द्वारा एक युवक को टिकट लेने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया और कहा कि उसे ढंडूर अड्डे पर उतार दे। कृष्ण ने कहा कि लंबे रूट की बस का ढंडूर में ठहराव नहीं है। इस पर युवक ने अपने 10-15 साथियों को बुला कर उस पर हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया। कंडक्टर अभी भी अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन है और आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
अनूप लाठर ने कहा कि बुधवार को सांझा मोर्चा ने दो घंटे तक धरना देकर विरोध जताया था और आज रात तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का समय प्रशासन के पास है। अगर उन्हें आज गिरफ्तार नहीं किया गया तो सुबह चार बजे ही सभी ड्राइवर-परिचालक बस अड्डे पर एकत्रित होंगे और हड़ताल करेंगे। बसों का चक्का जाम किया जाएगा। लाठर ने कहा कि रोडवेज़ विभाग के रोडवेज कर्मचारी आज सुरक्षित नहीं हैं।
हर रोज किसी न किसी डिपो के कर्मचारी के साथ नाजायज मारपीट की जा रही हैं। सरकार व प्रशासन द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे हमलावरों के हौंसले बुलंद हैं। वहीं दूसरी तरफ अगर रोडवेज का चक्का जाम हुआ तो यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। हालांकि प्राइवेट बसें चलती रहेंगी लेकिन जिन रूटों पर प्राइवेट बसों की संख्या कम है और जो लंबे रूट हैंए उन पर यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा
